वार्डों में नहीं की गई तेल की आपूर्ति, कैसे मनेगी दीपावली
जागरण संवाददाता,मधेपुरा : दीपोत्सव जैसे पर्व के दौरान नगर परिषद के विभिन्न वार्डों में केरोसी
जागरण संवाददाता,मधेपुरा : दीपोत्सव जैसे पर्व के दौरान नगर परिषद के विभिन्न वार्डों में केरोसीन की आपूर्ति नहीं किए जाने से वार्ड के लोग पूरी तरह मर्माहत हैं। नगर परिषद के तीन वार्ड के वार्ड पार्षद ने वार्ड के लोगों को तेल नहीं मिलने के कारण दीपावली त्योहार नहीं मानने का निर्णय लिया है। तीन वार्ड के वार्ड पार्षद ने प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को आवेदन दे अपने-अपने वार्ड में हॉकर के द्वारा पर्व के बावजूद तेल का वितरण नहीं किए जाने का आरोप लगाया है।
नगर परिषद के वार्ड दो के वार्ड पार्षद विनीता भारती, वार्ड तीन के वार्ड पार्षद डॉ. अभिलाषा कुमारी एवं वार्ड पांच के वार्ड पार्षद रूबी कुमारी ने प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को पत्र लिख आरोप लगाया कि झुग्गी-झोपड़ी तथा दलित-महादलित परिवार के बीच दीपोत्सव त्योहार के बावजूद अब तक वार्ड के संबंधित हॉकरों के द्वारा तेल वितरित नहीं किया गया। वार्ड पार्षद ने कहा कि दीपावली के अवसर पर माह अक्टूबर का केरोसीन तेल हॉकरों के द्वारा वितरण करना था। जो अभी तक नहीं किया जा सका है। संबंधित हॉकरों के खिलाफ विभागीय स्तर से उचित कार्रवाई किया जाय।
वार्ड दो, तीन एवं पांच के वार्ड पार्षद ने संयुक्त रूप से कहा कि दीपोत्सव जैसे त्योहार में वार्ड के दलित-महादलित एंव झ़ुग्गी-झोपड़ी में रहने वालों को केरोसिन तेल की आपूर्ति नहीं होने से हम सभी को काफी खेद है। इसलिए हमलोगों ने दीपावली नहीं मनाने का निर्णय लिया है।
प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी श्याम किशोर ने बताया कि जिन दो, तीन एवं पांच वार्ड में हॉकरों के द्वारा केरासन तेल का वितरण नहीं किया गया है। वार्ड के हॉकरों के खिलाफ कार्रवाई के लिए वरीय अधिकारी को रिपोर्ट कर दिया गया है।