छात्र 119 तो हाजिरी कैस बनाया गया 178 का : प्रमुख
मधेपुरा। प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में प्रखंड प्रमुख सुमन देवी एक सप्ताह से नियमित रूप से वि
मधेपुरा। प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में प्रखंड प्रमुख सुमन देवी एक सप्ताह से नियमित रूप से विद्यालय निरीक्षण कर रही हैं। निरीक्षण के दौरान विद्यालय संचालन में प्रधानाध्यापकों द्वारा बरती जा रही अनियमितता सामने आ रही है। व्यापक पैमाने पर विद्यालय प्रधान द्वारा मध्याह्न भोजन योजना में मची लूट की बात सामने आ रही है। हर जगह विद्यालय में बच्चे कुछ और उपस्थित पंजी पर कुछ दिखाया जा रहा है। गुरुवार को प्रखंड प्रमुख सुमन देवी ने उत्क्रमित मध्य विद्यालय रामनगर की जांच की तो विद्यालय में कई अनियमितता सामने आई। प्रमुख के विद्यालय पहुंचते ही सभी छात्र-छात्राएं एक स्वर में कहने लगे कि हमलोगों को विद्यालय के शिक्षक द्वारा पढ़ाई लिखाई के नाम पर ठगा जा रहा है। कभी भी वर्ग का संचालन सही से नहीं हो पाता है। विद्यालय प्रधान द्वारा कभी भी हमलोगों को मीनू के अनुसार भोजन नहीं दिया जाता है। इस दौरान जब छत्रों की उपस्थिति पंजी की जांच की गयी तो विद्यालय में नामांकित 344 छात्र छात्राओ में 178 बच्चों की हाजरी बनाई गयी थी जबकि विद्यालय में महज 119 छात्र छात्राएं ही मौजूद थे। वहीं बच्चों को मीनू के अनुसार भोजन नहीं दिया जा रहा था। 178 बच्चों की उपस्थिति दिखाकर महज रसोइया को डेढ़ किलो दाल व महज चार किलो आलू चोखा बनाने के लिए दिया गया था। जबकि मीनू में बच्चों को चावल दाल व हरी सब्जी दी जानी थी। बच्चों ने बताया की कभी भी हरी सब्जी नहीं दी जाती है। इस पर प्रमुख ने विद्यालय प्रधानाध्यापक प्रेमलता कुमारी की जमकर क्लास लेते हुए कहा की कम से कम बच्चों के भोजन से खिलवाड़ तो नहीं कीजिए। बच्चों को अच्छा भोजन देना आपका दायित्व बनता है। मौके पर पंचायत समिति सदस्य कंचन देवी, पंसस तरुंदेव राम भी मौजूद थे।