भोलेनाथ पर चढ़ाया गंगा जल और गायब हो गई गले से सोने की चेन व मंगल सूत्र
लखीसराय में दूसरी सोमवारी के दिन भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने पहुंची महिलाओं के गले से सोने की चेन और मंगलसूत्र गायब हो गए।
लखीसराय, जेएनएन। जिला प्रशासन ने श्रावणी मेला की दूसरी सोमवारी को भी अशोकधाम मंदिर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर भारी व्यवस्था की थी। चप्पे-चप्पे पर पुलिस पदाधिकारी के साथ दंडाधिकारी एवं पुलिस बल तैनात थे।
मंदिर की हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी से निगरानी की जा रही थी लेकिन तमाम सुरक्षा के बाद भी जलाभिषेक करने पहुंची आधा दर्जन से अधिक महिला श्रद्धालुओं के गले से सोने की चेन एवं मंगल सूत्र गायब हो गए।
भीड़ में कथित महिला उच्चक्कों द्वारा महिला श्रद्धालुओं को शिकार बनाया गया। दूसरी सोमवारी को 9 महिला श्रद्धालुओं के गले से मंगल सूत्र व सोने की चेन गायब हो गया। पीडि़त महिलाएं मंदिर के प्रशासनिक कार्यालय के पास पहुंचकर रोते-बिलखते रही।
पीडि़त महिला की शिकायत पर एनआइसी के आइटी एक्सपर्ट काफी देर तक सीसीटीवी फुटेज खंगालते रहे लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा। बेगूसराय जिले के तेतरी गांव की सीमा देवी ने बताया कि नंदी की पूजा के दौरान गले से सोने का लॉकेट लगा ढोलना गायब हो गया। सूर्यगढ़ा की नीतू देवी का मंगल सूत्र गायब हो गया था।
बेगूसराय जिले के हेमरपुर निवासी मुनचुन देवी एवं मंजू कुमारी का सोने की चेन गायब हो गया था। मुनचुन देवी काफी देर तक रोती रही। सूर्यगढ़ा के रामपुर की पूजा कुमारी की चेन पार्वती मंदिर में गायब कर दिया गया।
पटना जिले के बादपुर निवासी एक महिला की कानबाली छिनतई का प्रयास किया ही जा रहा था कि उसने महिला उचक्का को दबोच लिया। हालांकि उचक्का महिला हाथ छुड़ाकर भाग निकली। श्रद्धालु महिला की कानबाली बच गई। इसके अलावा अन्य कई महिलाओं के गले से आभूषण गायब हुए। पीडि़त महिलाएं रोते हुए भोलेनाथ से चोरी करने वाली को सजा देने की बात कह रही थी।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप