पौधारोपण कर सबने किया धरा का श्रृंगार, पौधारोपण पर दिया बल
लखीसराय । जल-जीवन-हरियाली योजना के तहत सरकार के मिशन 2.51 करोड़ अभियान का रविवार को
लखीसराय । जल-जीवन-हरियाली योजना के तहत सरकार के मिशन 2.51 करोड़ अभियान का रविवार को बिहार पृथ्वी दिवस पर समापन हो गया। वन एवं पर्यावरण विभाग द्वारा लखीसराय जिले में पौधारोपण का जो लक्ष्य रखा गया था वह पूरा कर लिया गया। बिहार पृथ्वी दिवस के मौके पर रविवार को छुट्टी के दिन भी जिले के सभी पदाधिकारियों ने अपने-अपने कार्यालय परिसर में पौधा लगाया। जिला मुख्यालय में डीआरडीए कार्यालय के आगे सबसे पहले जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने छतवन का पेड़ लगाया। इस दौरान जिला स्तर के सभी पदाधिकारी मौजूद थे। इसके बाद एडीएम मु. इबरार आलम ने कचनार और डीडीसी विनय कुमार मंडल ने अमलतास का पौध लगाया। इसके बाद राज्य के श्रम संसाधन मंत्री विजय कुमार सिन्हा मुख्यालय पहुंचे। जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह और एसडीओ मुरली प्रसाद सिंह ने बुके से उनका स्वागत किया। इसके बाद मंत्री ने पुराने अनुमंडल कार्यालय परिसर में आम्रपाली का पौध लगाया। मंत्री के बाद एसडीओ मुरली प्रसाद सिंह ने महुगनी, अपर अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार और डीसीएलआर संजय कुमार ने आम का पौधा लगाया। मुख्यालय स्थित महिला विकास निगम कार्यालय और आइसीडीएस कार्यालय परिसर में डीपीओ कुमारी अनुपमा, जिला परियोजना प्रबंधक राजीव रंजन ने वन विभाग के रेंजर संजीव कुमार के साथ आम, आंवला का पौधा लगाया। नगर भवन में सभापति अरविद पासवान और कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. विपिन कुमार ने आम का पौधा लगाया। इसके अलावे जिले भर में विभिन्न विभागों से जुड़े कर्मियों ने भी पौधारोपण करके धरा का श्रृंगार किया और पर्यावरण की सुरक्षा का संकल्प लिया।
जनप्रतिनिधियों के साथ अधिकारियों ने किया पौधारोपण जिले के जनप्रतिनिधियों के साथ अधिकारियों ने पौधारोपण किया। स्थानीय नगर भवन में नगर परिषद के सभापति अरविद पासवान एवं नगर कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. विपिन कुमार ने पौधारोपण किया तथा उसमें जलार्पण कर पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया। लखीसराय प्रखंड परिसर में बीडीओ डॉ. नीरज कुमार रंजन एवं सीओ संजय कुमार पंडित के साथ लखीसराय प्रखंड प्रमुख लीला देवी के प्रतिनिधि राकेश कुमार गुड्डू ने पौधारोपण किया। जबकि खगौर पंचायत अंतर्गत वृंदावन गांव स्थित मदरसा परिसर में किऊल थाना अध्यक्ष धीरज कुमार एवं लखीसराय के बीडीओ डॉ. नीरज कुमार रंजन की उपस्थिति में मुखिया नाजिका खातुन एवं पूर्व मुखिया मु. इरफान ने संयुक्त रूप से पौधारोपण किया।