विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पुलिस जवान की वर्दी पहन सर्विस रिवॉल्वर के साथ बनाई रील, लखीसराय में युवक गिरफ्तार

Published: Tue, 01 Sep 2026 04:23 PM (IST)

लखीसराय में एक युवक को पुलिस की वर्दी पहनकर और सर्विस रिवॉल्वर के साथ सोशल मीडिया पर रील बनाने के ...और पढ़ें

पुलिस जवान की वर्दी पहन सर्विस रिवॉल्वर के साथ बनाई रील, लखीसराय में युवक गिरफ्तार

पुलिस जवान की वर्दी पहन सर्विस रिवॉल्वर के साथ बनाई रील, लखीसराय में युवक गिरफ्तार

HighLights

  1. पुलिस वर्दी और सर्विस रिवॉल्वर के साथ रील बनाई।

  2. अवकाश पर गए जवान के हथियार का दुरुपयोग किया।

  3. वीडियो वायरल होने के बाद युवक को गिरफ्तार किया गया।

संवाद सूत्र, सूर्यगढ़ा (लखीसराय)। सुरक्षा गार्ड में तैनात पीटीसी (प्रमोशन ट्रेनिंग कोर्स) पुलिस जवान की वर्दी और सर्विस रिवॉल्वर लेकर रील बनाकर सोशल मीडिया पर डालने के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है।

आरोपित युवक की पहचान नवादा जिले के रूपो थाना क्षेत्र के चहल गांव निवासी स्व. राकेश रंजन के पुत्र सुधांशु कुमार के रूप में हुई है। वह सुरक्षा में तैनात पीटीसी जवान संतोष कुमार का साढ़ू का लड़का बताया गया है और उसका वाहन भी चलाता है।

इस संबंध में पीटीसी जवान सुमित कुमार ने थाने में लिखित आवेदन देकर घटना की जानकारी दी है। आवेदन के अनुसार, जिला अभियोजन कार्यालय के ज्ञापांक 224, दिनांक 27 जनवरी 2026 के आलोक में रामपुर गांव निवासी अरुण कुमार सिंह के पुत्र संतोष कुमार की सुरक्षा में 23 मई 2026 से प्रतिनियुक्ति की गई थी।

पुलिस जवान संतोष कुमार 20 से 26 अगस्त तक आकस्मिक अवकाश पर थे। अवकाश समाप्त होने के बाद वापस लौटने के करीब तीन दिन बाद सोशल मीडिया के माध्यम से एक वीडियो की जानकारी मिली।

वीडियो में सुधांशु कुमार पुलिस जवान की वर्दी पहने हुए सामने सर्विस रिवॉल्वर रखकर रील बनाता दिखाई दे रहा था। आरोप है कि उसने यह वीडियो इंस्टाग्राम की आईडी ‘एएलओके राज’ के माध्यम से सोशल मीडिया पर वायरल किया।

इससे पुलिस विभाग की वर्दी और सरकारी हथियार के दुरुपयोग का मामला सामने आया। आवेदन में बताया गया है कि संतोष कुमार को जिला परिषद में लकड़ी की अलमारी रखने के लिए निर्देशित किया गया था। उक्त अलमारी की चाबी पीटीसी जवान सुमित कुमार के अलावा सुधांशु कुमार के पास भी रहती थी।

आरोप है कि इसी का फायदा उठाकर सुधांशु ने चोरी-छिपे वर्दी और सर्विस रिवॉल्वर निकाल लिया और अपना दबदबा बनाने के उद्देश्य से हथियार के साथ रील बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दी।

वीडियो सामने आने के बाद मामले की जानकारी पुलिस अधिकारियों को दी गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित सुधांशु कुमार को गिरफ्तार कर लिया।