अमृत सरोवर बनाने के 134 चिह्नित स्थल में से 75 का हुआ चयन
संवाद सहयोगी लखीसराय आजादी के 75 वें सालगिरह को अमृत महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा ह
संवाद सहयोगी, लखीसराय : आजादी के 75 वें सालगिरह को अमृत महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। केंद्र सरकार ने इस महोत्सव पर जल संकट दूर करने को लेकर देश के हर जिले में 75 अमृत सरोवर बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए सरकार ने जिलाधिकारी को अधिकृत किया है। इस आदेश के बाद लखीसराय जिला प्रशासन ने जिले में 134 अमृत सरोवर बनाने को लेकर स्थल चिह्नित किया था। सभी चिह्नित स्थल का निरीक्षण अधिकारियों की टीम ने किया। इसमें से 75 स्थल को अमृत सरोवर बनाने के लिए उपयुक्त पाया गया। इसके बाद जिला प्रशासन ने 75 स्थल का चयन करके अमृत सरोवर निर्माण का प्राक्कलन तैयार कर प्रशासनिक स्वीकृति दी। इसमें से अबतक 34 अमृत सरोवर का निर्माण एवं सुंदरीकरण का कार्य शुरू कर दिया गया है। विगत दिनों लखीसराय प्रखंड अंतर्गत बिहरौरा गांव में जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह एवं तत्कालीन उप विकास आयुक्त निखिल धनराज ने अमृत सरोवर का शिलान्यास भी किया है।
---
अमृत सरोवर पर होने वाले खर्च
एक अमृत सरोवर निर्माण पर पांच से सात लाख रुपये तक खर्च होना है। इसके अलावा अमृत सरोवर के चारों ओर पौधारोपण करने पर करीब दो से तीन लाख रुपये खर्च होना है। इस तरह 75 अमृत सरोवर निर्माण पर तीन से पांच करोड़ रुपये एवं पौधारोपण पर डेढ़ से दो करोड़ रुपये खर्च होगा।
----
जिले में अमृत सरोवर का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। जल्दी ही सभी 75 अमृत सरोवर एवं उसके चारों ओर पौधारोपण का कार्य पूर्ण करा लिया जाएगा। अमृत सरोवर के चारों ओर लगाए जाने वाले पौधे को सुरक्षित रखने की जिम्मेवारी संबंधित पंचायत रोजगार सेवक की होगी।
सुधीर कुमार, उप विकास आयुक्त, लखीसराय।