सूर्यगढ़ा में अंतर जिला चोर गिरोह करता है पशुओं की चोरी
लखीसराय। सूर्यगढ़ा पुलिस अंचल क्षेत्र में अंतर जिला चोर गिरोह पशुओं की चोरी करता है। गिरो
लखीसराय। सूर्यगढ़ा पुलिस अंचल क्षेत्र में अंतर जिला चोर गिरोह पशुओं की चोरी करता है। गिरोह रात के अंधेरे में गाय, भैंस, घोड़ा, बकरा आदि आराम से चोरी कर ले जा रहे हैं। किसानों को इससे बड़ा आर्थिक संकट का सामना करना पड़ता है। बीते 18 महीने में तीन बार पशु चोरी की घटना क्षेत्र में घट चुकी है। इसमें एक में भी पुलिस को सफलता नहीं मिली है। चोरों ने एक बार फिर पशु पालक किसानों की नींद उड़ा दी है। 18 माह पूर्व चननिया गांव में चोरों ने जोगी यादव, महेश यादव एवं तनिक यादव के बथान से तीन दुधारू भैंस की चोरी कर ली थी। चननिया बगीचा में मालवाहक गाड़ी खड़ी करके उसपर भैंस लेकर चोर गिरोह फरार हुआ था। खोजबीन के बाद भी जब किसानों की भैंस नहीं मिली तो थाने में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया था। एक साल पूर्व रामपुर से रामप्रताप सिंह के पुत्र मटन सिंह के बथान पर से बच्चा सहित पांच दुधारू भैंस की चोरी कर ली गई थी। सूर्यगढ़ा थाना में अज्ञात चोर के विरुद्ध केस दर्ज करवाया गया था। इस मामले में थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने नालंदा, एकंगसराय एवं सकसोहरा में छापेमारी कर एक चोर को गिरफ्तार करते हुए दो भैंस को बरामद कर लिया था। गिरफ्तार चोर की निशानदेही पर कई जगहों पर छापेमारी भी की गई थी लेकिन सफलता नहीं मिली थी। फिर अचानक गुरुवार की रात अज्ञात चोरों ने एक बार रामपुर गांव से ही एक साथ सुबोध सिंह, बासुकी सिंह, फूलों सिंह तथा टानी सिंह की 10 दुधारू भैंस की चोरी कर ली है।