पेट्रोलियम व रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के खिलाफ सड़क पर उतरे कांग्रेसी
लखीसराय। डीजल पेट्रोल और रसोई गैस की लगातार बढ़ रही कीमतों के विरोध में कांग्रेस एवं
लखीसराय। डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस की लगातार बढ़ रही कीमतों के विरोध में कांग्रेस एवं युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को बड़हिया में सड़क पर उतरे एवं जमकर विरोध-प्रदर्शन किया। गत विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी रहे अमरेश कुमार अनीस एवं लखीसराय जिला युवा कांग्रेस के महासचिव ज्ञान गौरव सिंह की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने बैलगाड़ी एवं टमटम पर बाइक को रखकर एवं कंधे पर गैस सिलेंडर रखकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने बड़हिया नगर में रैली निकाली और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। लोहिया चौक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला जलाया। इससे पहले रैली प्रखंड कार्यालय से निकलकर बड़हिया बाजार होते श्री कृष्ण चौक, बाइपास मोड़, बीआरसी, प्रखंड सह अंचल कार्यालय, रेफरल अस्पताल होते हुए कोठारी चौक के रास्ते लोहिया चौक पर पहुंची। कार्यकर्ताओं ने डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस के बढ़ते दामों तथा देश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार एवं बिहार सरकार के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस के वरीय नेता अमरेश कुमार अनीस ने कहा कि जब से केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार बनी है देश में महंगाई और बेरोजगारी बढ़ती जा रही है। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में तेल की कीमतों में गिरावट आ रही है इसके बावजूद भारत में लगातार पेट्रोल, डीजल तथा रसोई गैस आदि का मूल्य वृद्धि जारी है। नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री की गद्दी हथियाने के लिए 30 रुपये लीटर पेट्रोल देने का वादा किया किया था। बाद में अडाणी-अंबानी जैसे कॉरपोरेट घरानों को लाभ पहुंचाने में लगे हैं। कार्यक्रम को युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष प्रभात कुमार, पार्टी के उपाध्यक्ष शत्रुघ्न सिंह, बड़हिया प्रखंड अध्यक्ष चुनचुन सिंह, रामगढ़ प्रखंड अध्यक्ष जयकिशोर यादव, लखीसराय प्रखंड अध्यक्ष महेश प्रसाद सिंह आदि ने संबोधित किया। मौके पर संजीव कुमार सिंह, मु. अजीज, कैलाश ठाकुर, नीतीश कुमार, राहुल कुमार, कन्हैया ठाकुर, मणिकांत पासवान, उदय सिंह, राजो यादव, कैलाश ठाकुर सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।