कलश स्थापना के साथ शुरू हुआ शारदीय नवरात्रि
लखीसराय। शक्ति की देवी मां दुर्गा की साधना आराधना एवं उपासना का विशेष अनुष्ठान नौ दिवसीय शा
लखीसराय। शक्ति की देवी मां दुर्गा की साधना, आराधना एवं उपासना का विशेष अनुष्ठान नौ दिवसीय शारदीय नवरात्र रविवार से प्रारंभ हो गया। जिला मुख्यालय सहित जिले भर के सभी दुर्गा मंदिरों एवं पूजा पंडालों में भक्ति भाव के साथ कलश स्थापित कर विधि विधान के साथ भगवती की पूजा शुरू की गई। बड़ी संख्या में भक्तों ने अपने-अपने घरों में कलश स्थापित कर मां दुर्गा का अनुष्ठान शुरू किया। नवरात्र के पहले दिन माता शैलपुत्री की पूजा की गई। भक्तों ने मां दुर्गा के विविध रूपों का आह्वान किया। इसके साथ ही दुर्गा सप्तशती पाठ आदि मंत्रों के स्वर से माहौल भक्तिमय बन गया। खराब मौसम एवं लगातार हो रहे बारिश के बावजूद सुबह से ही मुख्यालय स्थित बड़ी देवी एवं छोटी देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। भक्तों ने मंदिर में स्थापित स्थाई मां दुर्गा की प्रतिमा की पूजा की। शहर के नया बाजार में बड़ी दुर्गा मंदिर में आचार्य महेंद्र मिश्रा की देखरेख में भगवती का अनुष्ठान शुरू हुआ। मंदिर परिसर में बनाए गए नए हवन मंडप में मां दुर्गा की छोटी सी प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान के साथ अनुष्ठान शुरू किया गया। इसको लेकर मंदिर को विशेष रूप से सजाया गया। पुरानी बाजार छोटी दुर्गा मंदिर में बनारस से आए आचार्य केशव शर्मा द्वारा मंदिर के पुजारी सह यजमान दिनेश पंडित के हाथों कलश स्थापित कर माता शैलपुत्री की पूजा की गई। मंदिर में पंडितों द्वारा सामूहिक सप्तशती पाठ भी शुरू किया गया। कलश स्थापना के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा के समक्ष नारियल चढ़ाया। नवरात्र को लेकर छोटी दुर्गा मंदिर को फूलों से भव्य रूप से सजाया गया। मंदिर स्थित 100 वर्ष पुरानी प्राचीन मां दुर्गा की मूर्ति पर सोना और चांदी निर्मित मुकुट भगवती को मंदिर कमेटी द्वारा चढ़ाया गया। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष बासुकीनाथ वर्मा, उपाध्यक्ष राजनीति प्रसाद गुप्ता, संयुक्त मंत्री पिटू गुप्ता, अरविद सोनी, डॉ. दीपक कुमार, प्रवीण कुमार आर्य, कृष्णमुरारी वर्मा आदि की देखरेख में नवरात्र अनुष्ठान शुरू किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर कर भगवती की पूजा की। विद्यापीठ चौक स्थित श्री दुर्गा मंदिर में आचार्य परमानंद पांडेय, थाना चौक स्थित शिव दुर्गा मंदिर में आचार्य पंडित घनश्याम पांडेय द्वारा यजमान शरदेन्दु मोहन के हाथों कलश स्थापित कर अनुष्ठान शुरू किया गया। बाजार समिति के नजदीक दुर्गा मंदिर एवं मां मनोकामना मंदिर हसनपुर, अस्पताल गली स्थित दुर्गा मंदिर, पंजाबी मुहल्ला स्थित दुर्गा मंदिर में भी कलश स्थापित कर पूजा शुरू की गई। उधर मंदिरों में मूर्तिकारों द्वारा दुर्गा की प्रतिमा को अंतिम रूप दिया जा रहा है।