भोलेनाथ की नगरी में बच्चों के लिए नहीं है कोई पार्क
लखीसराय। नगर परिषद लखीसराय अंतर्गत श्री इन्द्रदमनेश्वर महादेव की नगरी में बच्चों के मनोरंजन के
लखीसराय। नगर परिषद लखीसराय अंतर्गत श्री इन्द्रदमनेश्वर महादेव की नगरी में बच्चों के मनोरंजन के लिए कोई भी पार्क की व्यवस्था नहीं है। इस कारण बच्चों के साथ-साथ अभिभावक भी परेशान हैं। शहरी क्षेत्र में नागरिक सुविधा के नाम पर हर वर्ष करोड़ों रुपये की टैक्स वसूली करने में अव्वल नगर परिषद ने शहर में एक भी मनोरंजन का साधन उपलब्ध नहीं कराया है। बच्चों के खेलने के लिए एक पार्क तक शहर में नहीं है। गर्मी की छुट्टी होने के साथ ही शहर में एक चिल्ड्रेन पार्क की कमी महसूस की जा रही है। इस कारण बच्चों को मनोरंजन का साधन नहीं मिल रहा है। स्कूल जाने वाले बच्चों को स्कूलों में कुछ खेलने का सामान मिल भी जाता है। लेकिन स्कूल में गर्मी की छुट्टी होने के साथ ही अभिभावक बच्चों को शहर में कहीं भी घुमाने के लिए नहीं ले जा सकते हैं। क्योंकि बच्चों के लिए शहर में एक भी स्थान पर उस प्रकार का पार्क नहीं है। करीब दो लाख की आबादी वाले इस शहर के बीच नया बाजार में एकमात्र केआरके मैदान है। वहां सुबह में कुछ लोग मॉर्निंग वॉक करते हैं। कुछ स्थानीय बच्चे क्रिकेट खेलकर मनोरंजन कर लेते हैं। लेकिन मैदान में न तो कहीं बैठने की जगह है न साफ-सफाई की व्यवस्था। अशोकधाम में पार्क निर्माण की काफी संभावनाएं हैं लेकिन अबतक नगर परिषद ने इस पर कभी गंभीरता से पहल नहीं की।
=======
क्या कहती हैं वार्ड पार्षद
वार्ड नंबर एक की पार्षद सुधा कुमारी कहती हैं कि लखीसराय शहर धार्मिक एवं ऐतिहासिक धरोहरों से परिपूर्ण है। यहां पर्यटन विकास की असीम संभावनाएं हैं। शहरी क्षेत्र में बच्चों के मनोरंजन के लिए चिल्ड्रेन पार्क का निर्माण होना चाहिए। इसके लिए जमीन की कमी नहीं है। बोर्ड की कई बैठकों में पार्क निर्माण का प्रस्ताव भी दिया गया है। लेकिन इस पर कभी ध्यान नहीं दिया गया है। शहर में पार्क नहीं रहने के कारण बच्चे घर में कैद होकर रहते हैं। नगर प्रशासन को इसके लिए प्राथमिकता के आधार पर पार्क निर्माण की दिशा में कार्रवाई करनी चाहिए।
======
क्या कहते हैं शहर के प्रबुद्ध लोग
======
नगर परिषद नागरिक सुविधा के नाम पर टैक्स वसूलती है। लेकिन बच्चों के मनोरंजन के लिए शहर में पार्क बने इसके लिए कभी पहल नहीं की। इसके लिए नगर प्रशासन एवं जिला प्रशासन को भी चिल्ड्रेन पार्क निर्माण के लिए कारगर प्रयास करने की जरूरत है। क्योंकि पार्क के बिना बच्चों को शहर में कहीं भी घुमाने के लिए नहीं ले जा सकते हैं।
- महेश कुमार बंका, सचिव मारवाड़ी अग्रवाल पंचायत
--------
लखीसराय शहर भोलेनाथ की नगरी है। लेकिन इस शहर में बच्चों के खेलने के लिए कोई पार्क नहीं है। यह बात ठीक नहीं है। पार्क निर्माण पर प्रशासन को ध्यान देना चाहिए। बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ उसके बौद्धिक विकास के लिए खेल व मनोरंजन भी जरुरी है। इसके लिए शहर में चिल्ड्रेन पार्क का निर्माण हो जहां शाम के समय बच्चे पार्क में आकर खेल सकते हैं।
सीताराम सिंह, सेवानिवृत्त बैंक प्रबंधक
========
पर्यटन की दृष्टिकोण से लखीसराय शहर काफी समृद्ध है। राजकीय स्मारक लाली पहाड़ी, अशोकधाम मंदिर के पास चिल्ड्रेन पार्क का निर्माण किया जा सकता है। वहां अभिभावक अपने बच्चों को घुमाने के लिए ले जा सकते हैं। बच्चों के मनोरंजन के लिए भी हर सुविधा उपलब्ध होनी चाहिए। पार्क के अभाव में बच्चे घर में ही कैद होकर रह गए हैं। मोबाइल व टीवी देखना मजबूरी हो गई है। यह स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद नहीं है।
रोहणी दास, अधिवक्ता
======
शहर में एक पार्क का होना बहुत जरूरी है जहां सुबह में मॉर्निंग वॉक किया जा सकता है। और शाम में बच्चे पार्क में आकर खेल सकते हैं। शहर में कोई ऐसा जगह नहीं है जहां बच्चों को ले जाया सके। शहर के विकास के लिए जिस तरह कार्ययोजना बनती है उसी तरह नप प्रशासन को बच्चों के लिए एक चिल्ड्रेन पार्क का निर्माण करनी चाहिए।
प्रभाकर कुमार, शिक्षक