लखीसराय जिला परिषद की 449 दुकानों का बदलेगा किराया, POS मशीन से होगी वसूली
लखीसराय जिला परिषद नगर परिषद क्षेत्र की 449 दुकानों का किराया अब नए सिरे से निर्धारित करेगा, जो 2018 से ₹6 प्रति वर्गफीट पर स्थिर था।

लखीसराय जिला परिषद की 449 दुकानों का बदलेगा किराया, POS मशीन से होगी वसूली
HighLights
लखीसराय जिला परिषद 449 दुकानों का किराया फिर से तय करेगा।
किराया वसूली में पारदर्शिता के लिए पीओएस मशीन का उपयोग होगा।
बिना इकरारनामे वाली दुकानों पर कार्रवाई और बकाया वसूली होगी।
संवाद सहयोगी, लखीसराय। जिला परिषद लखीसराय के अंतर्गत नगर परिषद क्षेत्र में संचालित 449 दुकानों का अब नए सिरे से किराया निर्धारण किया जाएगा। वर्ष 2018 में निर्धारित छह रुपये प्रति वर्गफीट की किराया दर अभी तक लागू है। जिला परिषद ने बदलते समय और दुकानों के वर्तमान स्वरूप को देखते हुए किराया पुनर्निर्धारण की तैयारी शुरू कर दी है।
साथ ही किराया वसूली में पारदर्शिता और किसी प्रकार की गड़बड़ी की आशंका को खत्म करने के लिए पहली बार पीओएस मशीन के माध्यम से किराया वसूली की योजना बनाई गई है। इसके लिए पंजाब नेशनल बैंक, लखीसराय के शाखा प्रबंधक से दो पीओएस मशीन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है।
जिला परिषद के अनुसार नगर परिषद क्षेत्र में संचालित अधिकांश दुकानें बिना इकरारनामा के चल रही हैं। दुकानदारों को पूर्व में नोटिस देने और सूचना प्रकाशित कराने के बावजूद इकरारनामा नहीं कराया गया।
ऐसे दुकानदारों से बकाया राशि की वसूली के साथ नीलाम वाद दायर करने और किराया बढ़ाने की कार्रवाई की जाएगी। जिला परिषद अब सभी 449 दुकानों का क्षेत्रफल, किराया, बकाया राशि सहित पूरा डेटा तैयार कर रहा है।
सात साल में किराया वसूली में उतार-चढ़ाव
जिला परिषद के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2020-21 में 10 दुकानदारों से सुरक्षित जमा राशि के रूप में चार लाख रुपये लिए गए, जबकि किराये से 9.14 लाख रुपये प्राप्त हुए। वर्ष 2021-22 में सुरक्षित जमा राशि नहीं मिली और किराया मद में 10.34 लाख रुपये प्राप्त हुए।
वर्ष 2022-23 में 10 दुकानदारों से 14.60 लाख रुपये सुरक्षित जमा राशि तथा 6.05 लाख रुपये किराया प्राप्त हुआ। वर्ष 2023-24 में किराया मद में 5.20 लाख रुपये मिले। वर्ष 2024-25 में चार दुकानदारों से 13.24 लाख रुपये सुरक्षित जमा राशि और 20.57 लाख रुपये किराया प्राप्त हुआ।
वर्ष 2025-26 में किराया मद में 10.84 लाख रुपये प्राप्त हुए। वर्ष 2026-27 में अब तक छह दुकानदारों से 23 लाख रुपये सुरक्षित जमा राशि प्राप्त हुई है।
जिला परिषद अध्यक्ष अंशु कुमारी ने बताया कि सभी 449 दुकानों का क्षेत्रफल सहित पंजी तैयार किया जा रहा है। प्रत्येक दुकान से प्राप्त किराया और बकाया राशि का डेटा तैयार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। किराया का नए सिरे से निर्धारण होगा और वसूली के लिए पीओएस मशीन जल्द उपलब्ध होने की उम्मीद है।
