विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखीसराय पुलिस का बड़ा एक्शन : ₹25 हजारी कुख्यात टीटू धमाका पर कसा शिकंजा, मेदनी चौकी में 9 किलो गांजा संग 5 धराए

Published: Fri, 14 Aug 2026 01:01 PM (IST)

लखीसराय पुलिस ने अपराध नियंत्रण और नशा कारोबार पर लगाम लगाने के लिए दो बड़ी कार्रवाई की हैं। कुख्यात अपराधी ...और पढ़ें

13 संगीन कांडों में वांछित बड़हिया के चंदन उर्फ टीटू धमाका पर एसपी ने घोषित किया 25 हजार रुपये का नकद इनाम

13 संगीन कांडों में वांछित बड़हिया के चंदन उर्फ टीटू धमाका पर एसपी ने घोषित किया 25 हजार रुपये का नकद इनाम

HighLights

  1. कुख्यात टीटू धमाका पर 25 हजार का इनाम घोषित।

  2. मेदनी चौकी से 9 किलो गांजा और 5 तस्कर पकड़े गए।

  3. पुलिस फरार अपराधियों व नशा नेटवर्क पर कर रही कार्रवाई।

जागरण संवाददाता, लखीसराय। लखीसराय जिले में अपराध नियंत्रण और नशे के अवैध कारोबार पर पूरी तरह लगाम लगाने के उद्देश्य से जिला पुलिस ने एक साथ दो बड़ी और सख्त कार्रवाइयां की हैं। एक तरफ जहां 13 गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित और लंबे समय से फरार चल रहे कुख्यात अपराधी चंदन कुमार उर्फ टीटू धमाका पर 25 हजार रुपये का नकद इनाम घोषित किया गया है, वहीं दूसरी तरफ मेदनी चौकी थाना पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में गांजा बरामद करते हुए पांच तस्करों को दबोच लिया है।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) प्रेरणा कुमार के कड़े निर्देशों के बाद से जिलेभर में फरार अपराधियों की धरपकड़ और अवैध मादक पदार्थों के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए सघन अभियान चलाया जा रहा है।

13 मामलों में वांछित कुख्यात टीटू धमाका पर ₹25 हजार का इनाम घोषित

लखीसराय पुलिस की ओर से जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, बड़हिया थाना क्षेत्र के जैतपुर निवासी बबन सिंह का पुत्र चंदन कुमार उर्फ टीटू धमाका लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहा है। उसके खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में हत्या, रंगदारी और लूट समेत 13 संगीन मामले दर्ज हैं।

एसपी प्रेरणा कुमार ने बताया कि कुख्यात टीटू धमाका की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए 25 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की गई है। यह आदेश 31 जुलाई 2026 से प्रभावी हो चुका है और अगले दो वर्षों तक मान्य रहेगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आरोपी के संबंध में सटीक सूचना देने वाले अथवा गिरफ्तारी में सहयोग करने वाले पुलिसकर्मी या आम नागरिक को 25 हजार रुपये की इनामी राशि दी जाएगी और उनकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

मेदनी चौकी में पुलिस की रेड, बथान से 9 किलो गांजा बरामद

दूसरी बड़ी कार्रवाई में मेदनी चौकी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर हुसैना गांव में त्वरित छापेमारी की। पंचायत सरकार भवन (अवगिल रामपुर) के समीप वार्ड संख्या छह स्थित एनएच नहर किनारे एक झोपड़ीनुमा बथान में नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री की सूचना मिली थी।

पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर छापेमारी की, जहां से 9 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया है। पकड़े गए लोगों में तीन मुख्य गांजा तस्कर हैं, जो डिलीवरी करने वाले थे, जबकि दो अन्य को शराब के साथ पकड़ा गया है।

एनएच किनारे की अवैध झोपड़ियों पर नजर, सरगना की तलाश में पूछताछ जारी

जानकारी के अनुसार, हुसैना गांव के समीप एनएच-80 के किनारे अवैध रूप से कई झोपड़ियां बनाई गई हैं, जहां संदिग्ध व आपराधिक गतिविधियों की शिकायतें लगातार मिल रही थीं।

थानाध्यक्ष चितरंजन कुमार ने बताया कि हिरासत में लिए गए सभी पांचों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों और मुख्य सप्लायर का पता लगाया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और मद्य निषेध अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।