लखीसराय में दिनदहाड़े दंपती पर तानी पिस्टल! पत्नी के हाथ जोड़ने पर टला विवाद, CCTV में कैद हुई दबंगई
लखीसराय के इंग्लिश मोहल्ले में दिनदहाड़े ऑटो सवार दबंगों ने मामूली कहासुनी के बाद एक दंपती पर पिस्टल तान दी। ...और पढ़ें

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
लखीसराय में दिनदहाड़े दंपती पर ऑटो सवारों ने पिस्टल तानी।
पत्नी ने जान बचाने के लिए हाथ जोड़कर गुहार लगाई।
पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद, पुलिस आरोपियों की तलाश में।
संवाद सहयोगी, लखीसराय। लखीसराय शहर के पुरानी बाजार स्थित इंग्लिश मोहल्ले में शुक्रवार को दिनदहाड़े कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है।
एनएच-80 की ओर से आए ऑटो सवार दबंगों ने मामूली कहासुनी के बाद बाइक से जा रहे एक बेबस दंपती पर सरेराह पिस्टल तान दी। अचानक सामने मौत (हथियार) देखकर दंपती पूरी तरह घबरा गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बाइक पर पीछे बैठी पत्नी तुरंत नीचे उतरी और हाथ जोड़कर रोते हुए सिरफिरों के सामने जान की गुहार लगाने लगी।
लखीसराय शहर के पुरानी बाजार स्थित इंग्लिश मोहल्ले में शुक्रवार को दिनदहाड़े ऑटो सवार दबंगों की शर्मनाक करतूत
मस्जिद वाली सड़क पर बाइक सवार दंपती संग कहासुनी के बाद ऑटो सवार युवक ने कमर से पिस्टल निकालकर दंपती पर तानी
अचानक हथियार देख सहमे दंपती; पत्नी ने बाइक से उतरकर हाथ जोड़कर मांगी जान की भीख, तब जाकर वहां से निकले बदमाश
पूरी वारदात सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद; लखीसराय थाना एसआई पप्पू पासवान ने घटनास्थल पर पहुंचकर शुरू की जांच
महिला द्वारा गिड़गिड़ाने के बाद आरोपी युवक पिस्टल हाथ में लहराते हुए वापस ऑटो में बैठा और अपने अन्य साथियों के साथ मौके से फरार हो गया। यह पूरी खौफनाक वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
मस्जिद वाली सड़क पर कहासुनी के बाद निकाली पिस्टल, सीसीटीवी में कैद हुई आरोपी की तस्वीर
स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, एक ऑटो पर चार लोग सवार होकर एनएच-80 से इंग्लिश मोहल्ले की ओर बार-बार आवाजाही कर रहे थे। इसी दौरान मस्जिद वाली सड़क से बाइक पर गुजर रहे दंपती और ऑटो चालक के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। बहस बढ़ते ही ऑटो से एक सिरफिरा युवक नीचे उतरा और अपनी कमर से पिस्टल निकालकर सीधे दंपती की ओर तान दी। सरेराह हुए इस घटनाक्रम से इलाके में दहशत फैल गई। सीसीटीवी फुटेज में पिस्टल निकालकर दंपती को धमकाते हुए आरोपी की तस्वीर साफ नजर आ रही है।
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर की छानबीन, एसआई बोले—सीसीटीवी के आधार पर बदमाशों की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही लखीसराय थाने के सब-इंस्पेक्टर (एसआई) पप्पू पासवान पुलिस बल के साथ इंग्लिश मोहल्ले पहुंचे। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी ऑटो समेत फरार हो चुके थे।
पुलिस ने पीड़िता व उसके पति से पूछताछ की और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। एसआई पप्पू पासवान ने पिस्टल दिखाकर दंपती को धमकाने की घटना की आधिकारिक पुष्टि की है।
उन्होंने बताया कि फिलहाल पीड़ित पक्ष की ओर से कोई लिखित आवेदन नहीं मिला है, लेकिन पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ऑटो के नंबर और हथियार लहराने वाले आरोपी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
"पुरानी बाजार के इंग्लिश मोहल्ले में ऑटो सवार व्यक्ति द्वारा बाइक सवार दंपती पर पिस्टल तानकर धमकाने की सूचना पर जांच की गई है। घटना की पुष्टि हुई है। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी की तस्वीर कैद है। लिखित शिकायत मिलते ही प्राथमिकी दर्ज की जाएगी, फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।"
