गंगासराय में एक माह से पेयजलापूर्ति ठप
पहले बाढ़ फिर ट्रांसफार्मर की खराबी के कारण नहीं हो रही जलापूर्ति पेयजलापूर्ति बंद हो
पहले बाढ़ फिर ट्रांसफार्मर की खराबी के कारण नहीं हो रही जलापूर्ति
पेयजलापूर्ति बंद होने से ग्रामीणों को रही परेशानी, दूषित जल पी रहे लोग संसू., बड़हिया (लखीसराय) : प्रखंड के गंगासराय स्थित लोक स्वास्थ्य प्रमंडल लखीसराय द्वारा संचालित नया जलापूर्ति केंद्र एक माह से ठप है। पेयजलापूर्ति ठप रहने से लोगों को पेयजल के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगभग तीन वर्ष पूर्व बिहार सरकार के तत्कालीन मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह के सहयोग से दो करोड़ 27 लाख की लागत से इस पेयजलापूर्ति केंद्र का निर्माण हुआ था। इससे गंगासराय के ग्रामीणों को हर घर में नल का जल की आपूर्ति की जाती रही। पिछले एक माह से जलापूर्ति केंद्र लगभग ठप है। बीच मे एक दिन दुर्गा पूजा के समय जलापूर्ति की गई थी। लेकिन इसके बाद पुन: बंद हो गया। इस कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को हैंडपंप एवं कुआं के भरोसे काम चलाना पड़ रहा है। वहीं बरसात एवं बाढ़ के कारण कई हैंडपंप कुआं का भी जल दूषित हो गया है। इस संबंध में संवेदक निशांत कुमार ने बताया कि पिछले माह बाढ़ आ जाने के कारण लगभग 20 दिन पंप हाउस में बाढ़ का पानी भरा रहा। उसके बाद लगभग 10 दिनों से ट्रांसफार्मर में खराबी आ गई है। उसे ठीक करने के लिए पटना भेज गया है। दो-तीन दिनों के अंदर ट्रांसफार्मर ठीक हो जाएगा उसके बाद सुचारू रूप से जलापूर्ति की जाएगी।