बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश लेकर गांव पहुंचे डीएम, बेटियों के जज्बे को किया सलाम
रामजानकी उवि झपानी के परिसर में हुआ बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम का आयोजन खावा रा
रामजानकी उवि झपानी के परिसर में हुआ बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम का आयोजन
खावा राजपुर पंचायत की आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 70 की सेविका ने किया कार्यक्रम आयोजित जेएनएन., सूर्यगढ़ा/मेदनी चौकी (लखीसराय) : बुधवार को क्षेत्र के श्री रामजानकी उच्च विद्यालय झपानी में बाल विकास परियोजना के द्वारा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम के तहत बेटी के सम्मान में एक समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी शोभेन्द्र कुमार चौधरी ने अन्य अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों के साथ मिलकर फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित करके किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि लखीसराय सहित बिहार एवं देश के कई राज्यों में लड़कों की अपेक्षा लड़कियों की औसत जनसंख्या काफी कम हो गई है। इसी वजह से सरकार द्वारा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान की शुरुआत की गई है। जिसमें महिला एवं बाल विकास विभाग की भूमिका अहम है। देश में पहले मेडिकल साइंस विकसित नहीं रहने के कारण बेटियों को जन्म के बाद मार दिया जाता था। लेकिन जब से मेडिकल साइंस का विकास हुआ है और अल्ट्रासाउंड की व्यवस्था हुई है इससे बेटियों की भ्रूण हत्या की प्रवृत्ति बढ़ गई है। वर्ष 2018 में लखीसराय में महिलाओं का लिगानुपात तेजी से गिरा है। 2018 में लखीसराय में 1,000 पुरूष के मुकाबले महिलाओं की जनसंख्या 870 हो गई। तब से जिले में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान की शुरुआत की गई। आज का कार्यक्रम जिला वासियों के लिए प्रेरणादायक सिद्ध होगा। यहां बेटियों के कार्यक्रम को देख डीएम ने उसके जज्बे को सलाम किया। मौके पर जिलाधिकारी ने पुष्पा कुमारी को सम्मानित किया एवं बेटियों के लिए पौधारोपण कर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश दिया। इस मौके पर आइसीडीएस के कार्यक्रम पदाधिकारी कुमारी अनुपमा, महिला विकास निगम के परियोजना प्रबंधक रजीव रंजन, प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिषेक कुमार प्रभाकर, प्रखंड बाल विकास पदाधिकारी बिनु कुमारी ने भी संबोधित किया। समारोह में श्रीराम जानकी उच्च विद्यालय के एक दर्जन छात्राओं को पदाधिकारियों ने सम्मानित किया। जबकि विद्यालय के छात्राओं ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान को लेकर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। समारोह के आयोजन के लिए आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 70 की सेविका प्रतिमा कुमारी को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। समारोह का संचालन सरोज कुमार ने किया। इस अवसर पर जिप उपाध्यक्ष मनोज कुमार, प्रखंड प्रमुख चंदन देवी, खावा राजपुर पंचायत की मुखिया नीता देवी, सेवानिवृत्त अभियंता उमेश मंडल, समाजसेवी विनय कुमार सहित विद्यालय के छात्र-छात्रा, शिक्षक एवं ग्रामीण उपस्थित थे।