नम आंखों से मां दुर्गा को दी विदाई
जेएनएन. बड़हिया/सूर्यगढ़ा/चानन/हलसी (लखीसराय) बड़हिया प्रखंड एवं नगर क्षेत्र में बुधवार को
जेएनएन., बड़हिया/सूर्यगढ़ा/चानन/हलसी (लखीसराय) : बड़हिया प्रखंड एवं नगर क्षेत्र में बुधवार को मां दुर्गा के विसर्जन के बाद दुर्गा पूजा का त्योहार शांतिपूर्वक संपन्न हो गया।
इस दौरान नवमी एवं दशमी के दिन महिला-पुरूष श्रद्धालु बड़हिया तिलक मैदान स्थित बड़ी दुर्गा, गणेश मंदिर, नागवती स्थान, पाकड़तर, कृष्ण चौक स्थित थानेश्वरी दुर्गा, शंकर मील स्थित छोटी दुर्गा, स्टेशन रोड दुर्गा मंदिर सहित इंदुपुर, हिरदनबीघा, बोधनगर, गंगासराय, जैतपुर, खुटहा डीह, चेतन टोला, आदर्श लक्ष्मीपुर, गढ़ लक्ष्मीपुर, दरियापुर, धीरा डाढ, सदायबिगहा, निजाय, भानपुर, वीरूपुर, सहजादपुर एवं लोहरा के मंदिरों एवं पूजा पंडालों में मां दुर्गा का दर्शन किया। वहीं वार्ड संख्या 18 स्थित यूको बैंक गली में स्थापित भारत माता की प्रतिमा आकर्षण का केंद्र रहा। परंपरा के अनुसार विजयादशमी के दिन बड़हिया नगर के तिलक मैदान स्थित बड़ी दुर्गा सहित अन्य प्रतिमा का विसर्जन मंगलवार की रात बड़हिया कॉलेज गंगा घाट पर किया गया।
बड़हिया प्रखंड एवं नगर क्षेत्र में विभिन्न दुर्गा मंदिरों में स्थापित 23 अन्य प्रतिमा का विसर्जन बुधवार को गंगा नदी एवं हरुहर नदी घाट पर किया गया। प्रतिमा विसर्जन के दौरान प्रशासन द्वारा तैनात पुलिस बल एवं दंडाधिकारी मुश्तैद दिखे। गंगा घाट पर रोशनी एवं गोताखोर की भी व्यवस्था की गई थी।
सूर्यगढ़ा प्रतिनिधि के अनुसार : बुधवार को सूर्यगढ़ा प्रखंड मुख्यालय सहित किरणपुर, पीरी बाजार, माणिकपुर, कजरा, उरैन, सिगारपुर, सहूर, लय, रामपुर, मानो आदि क्षेत्र में हर्षोल्लास के साथ दुर्गा पूजा संपन्न हो गया। विभिन्न पूजा समिति के अध्यक्ष के नेतृत्व में मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन किया गया। सूर्यगढ़ा के श्री-श्री 108 बड़ी दुर्गा, छोटी दुर्गा एवं शिव दुर्गा एवं भारत माता के प्रतिमा का विसर्जन शोभायात्रा निकाल कर किया गया।
मुंगेर चैंबर ऑफ कॉमर्स सूर्यगढ़ा इकाई के सचिव आलोक कुमार अग्रवाल व सदस्य प्रेम कुमार के नेतृत्व में सूर्यगढ़ा बाजार स्थित शहीद द्वार के समीप श्रद्धालुओं के लिए शरबत व प्याऊ की व्यवस्था की गई। बड़ी दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष दिलीप कुमार अग्रवाल, छोटी दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष प्रेम साह एवं शिव दुर्गा महावीर मंदिर पूजा समिति के अध्यक्ष बालेश्वर सिंह के नेतृत्व में प्रतिमा का विसर्जन किया गया।
चानन प्रतिनिधि के अनुसार : बुधवार को चानन प्रखंड के मननपुर बाजार स्थित रेलवे मैदान के दुर्गा मंदिर में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन किऊल नदी स्थित भलूई घाट में चानन थानाध्यक्ष रंजन कुमार व सैप जवानों के कड़ी सुरक्षा के बीच कराया गया।
वहीं शाहपुर, बसमतिया, तिलकपुर, महेशलेटा, जगदीशपुर, लाखोचक, बन्नूबगीचा, कमियांपुर पश्चिम व पूर्वी भाग, भंडार आदि गांवों में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन भी शांतिपूर्ण ढंग से किऊल नदी के अलावा बन्नूबगीचा वीयर, बासकुंड डैम, लाखोचक तालाब व जगदीशपुर तालाब में किया गया। विसर्जन के दौरान चानन थानाध्यक्ष रंजन कुमार एवं सैप जवानों लगातार गश्ती करते नजर आए।
हलसी प्रतिनिधि के अनुसार : बुधवार को हलसी प्रखंड के शिवसोना, गेरुआ पुरसंडा गांव में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन उत्सवी माहौल में किया गया। हलसी प्रखंड के हलसी, प्रतापपुर, मतासी, तरहारी, नोमा, बहरावां, खैरमा एवं बहछा गांव में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन का सिलसिला देर रात तक जारी रहा।