भ्रष्टाचारमुक्त वातावरण बनाने को ले राज्य स्तर पर होगी पहल : मंत्री
गणतंत्र दिवस के पूर्व राज्य के कई शहर होंगे बाल श्रमिक मुक्त घोषित संवाद सहयोगी, लखीसराय
गणतंत्र दिवस के पूर्व राज्य के कई शहर होंगे बाल श्रमिक मुक्त घोषित
संवाद सहयोगी, लखीसराय : सूबे के श्रम संसाधन मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि भ्रष्टाचारमुक्त वातावरण बनाने को लेकर राज्य स्तर पर पहल की जाएगी। सरकार की मंशा भ्रष्टाचारमुक्त बिहार बनाने की है। परंतु भ्रष्टाचार में संलिप्त लोग गरीबों के प्रति झूठी हमदर्दी दिखाकर सरकारी योजनाओं में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कराने की फिराक में लगे हुए हैं। ऐसे लोगों की जमात ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विरोध कर रहे हैं। श्रम संसाधन मंत्री श्री सिन्हा रविवार को लखीसराय भाजपा विधानसभा प्रधान कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। नशा मुक्ति के अलावा दहेज प्रथा बाल विवाह, बाल श्रमिक मुक्ति आदि सामाजिक कुरीतियों को दूर करने के लिए सरकार प्रयासरत है। गणतंत्र दिवस के पूर्व राज्य के कई शहर बाल श्रमिक मुक्त शहर घोषित हो जाएंगे। संबंधित शहर के किसी प्रतिष्ठान में बाल श्रमिक पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान के मालिक के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर लगाया जा रहा है। परंतु कुछ बिचौलिए ट्रांसफार्मर लगवाने के नाम पर ग्रामीणों से राशि उगाही करने के प्रयास में जुटे हुए हैं। उन्होंने ग्रामीणों से ट्रांसफार्मर के नाम पर किसी को भी राशि नहीं देने का आग्रह किया है। उन्होंने पारदर्शिता के साथ धान अधिप्राप्ति कर किसानों को उचित लाभ देने का सहकारिता विभाग के अधिकारी को निर्देश दिया है। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष देवानंद साहू, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष महेन्द्र प्रसाद यादव, भाजयुमो जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर मिश्रा, मीडिया प्रभारी हिमांशु कुमार आदि मौजूद थे।