विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देवघर से लौट रही ओवरलोड कांवरिया बस लखीसराय में पलटी, 10 घायल; 110 सुरक्षित पटना रवाना, बोले यात्री- नशे में था ड्राइवर

Published: Tue, 18 Aug 2026 10:31 AM (IST)

लखीसराय में देवघर से लौट रही कांवरियों से भरी एक अनियंत्रित बस खाई में पलट गई, जिसमें 10 कांवरिया गंभीर ...और पढ़ें

तेतरहाट थाना क्षेत्र के नावाडीह के पास हुआ हादसा; बासुकीनाथ-देवघर से पटना के विक्रम व नौबतपुर लौट रहे थे श्रद्धालु

तेतरहाट थाना क्षेत्र के नावाडीह के पास हुआ हादसा; बासुकीनाथ-देवघर से पटना के विक्रम व नौबतपुर लौट रहे थे श्रद्धालु

HighLights

  1. लखीसराय में देवघर से लौट रही कांवरिया बस पलटी।

  2. हादसे में 10 कांवरिया घायल, 110 सुरक्षित पटना रवाना।

  3. यात्रियों ने बताया, ड्राइवर शराब के नशे में धुत था।

संवाद सूत्र, रामगढ़ चौक (लखीसराय)। लखीसराय-जमुई मुख्य मार्ग पर तेतरहाट थाना क्षेत्र अंतर्गत नावाडीह गांव के समीप सोमवार की देर रात कांवरियों से भरी एक अनियंत्रित बस सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गई। बस में क्षमता से कहीं अधिक लगभग 120 श्रद्धालु सवार थे। इस भीषण सड़क हादसे में 10 कांवरिया गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि 110 यात्री बाल-बाल बच गए। सभी कांवरिया झारखंड के बासुकीनाथ और देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक व पूजा-अर्चना कर पटना जिले के विक्रम एवं नौबतपुर थाना क्षेत्र स्थित अपने पैतृक गांव लौट रहे थे।

नशे में धुत था चालक, नियंत्रण खोते ही मची चीख-पुकार

बस में सवार प्रत्यक्षदर्शी कांवरियों ने आरोप लगाया कि चालक अत्यधिक शराब के नशे में धुत होकर तेज गति व लापरवाही से बस चला रहा था। इसी दौरान नावाडीह मोड़ के पास तीखे मोड़ पर वह वाहन पर से संतुलन खो बैठा, जिससे बस लहराते हुए सीधे सड़क किनारे खाई में जा गिरी। दुर्घटना होते ही चीख-पुकार और अफरातफरी मच गई। घटना के तुरंत बाद चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

Lakhisarai Kanwariya Bus Overturns 10 Injured Driver Drunk (1)

डीएम-एसपी ने मौके पर पहुंचकर घायलों को पहुंचाया अस्पताल

सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही लखीसराय के जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार, पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार और तेतरहाट थानाध्यक्ष इलू उपाध्याय भारी पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे।

प्रशासनिक टीम ने तत्परता दिखाते हुए स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से रेस्क्यू अभियान शुरू किया और सभी 10 घायल कांवरियों को एंबुलेंस से लखीसराय सदर अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों के अनुसार प्राथमिक उपचार के बाद सभी जख्मी खतरे से बाहर हैं।

  • घायल कांवरियों की सूची: घायलों में अशोक पासवान, उदय कुमार, अमरावती देवी, सौरभ ओम, नागा पासवान, अक्षय लाल पासवान, सुजीत पासवान, लक्ष्मीनिया पासवान, बबलू कुमार एवं पुष्पा देवी शामिल हैं।

पैरामेडिकल में ठहराव, डीएम ने विशेष वाहन से भेजा पटना

हादसे के उपरांत सुरक्षित बचे 110 कांवरियों को रात में ठहरने के लिए तेतरहाट स्थित पैरामेडिकल संस्थान ले जाया गया, जहां जिला प्रशासन की देखरेख में उनके लिए भोजन, स्वच्छ पेयजल और प्राथमिक चिकित्सा की समुचित व्यवस्था की गई।

इसके बाद मंगलवार सुबह जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने तत्काल दूसरे विशेष वाहन (बस) का प्रबंध कराकर सभी सुरक्षित श्रद्धालुओं को सम्मानपूर्वक पटना स्थित उनके गंतव्य के लिए रवाना किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को जब्त कर लिया है और फरार शराबी चालक की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।