विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखीसराय के किसानों को बड़ी सौगात! 11 सिंचाई योजनाओं के लिए ₹3.13 करोड़ जारी, कलयुगवा-भुरहा नदी पर बनेंगे चेकडैम

Published: Thu, 10 Sep 2026 01:59 PM (IST)

Lakhisarai Irrigation Schemes: लखीसराय जिले में सिंचाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए ₹3.13 करोड़ का आवंटन जारी किया गया ...और पढ़ें

Lakhisarai Irrigation Schemes: ललन सिंह की पहल पर लखीसराय को मिला ₹3.13 करोड़ का फंड! 11 सिंचाई योजनाओं से हर खेत तक पहुंचेगा पानी, बनेंगे चेकडैम \

Lakhisarai Irrigation Schemes: ललन सिंह की पहल पर लखीसराय को मिला ₹3.13 करोड़ का फंड! 11 सिंचाई योजनाओं से हर खेत तक पहुंचेगा पानी, बनेंगे चेकडैम \

HighLights

  1. लखीसराय में सिंचाई तंत्र सुदृढ़ करने को ₹3.13 करोड़ आवंटित।

  2. केंद्रीय मंत्री ललन सिंह की पहल पर राशि जारी हुई।

  3. चेकडैम, आहर-पईन जीर्णोद्धार से किसानों को मिलेगा लाभ।

जागरण संवाददाता, लखीसराय। Lakhisarai Irrigation Schemes:  जिले के सुदूरवर्ती और अंतिम छोर पर बसे खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाने के संकल्प को पूरा करने की दिशा में लघु जल संसाधन विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिले में सिंचाई तंत्र को सुदृढ़ करने के लिए 313.205 लाख रुपये (तीन करोड़ तेरह लाख बीस हजार पांच सौ रुपये) का आवंटन जारी कर दिया गया है।

विभाग के संयुक्त सचिव राजीव कुमार झा ने कार्यपालक अभियंता, लघु सिंचाई प्रमंडल, लखीसराय को सीएफएमएस-2.0 (CFMS-2.0) प्रणाली के माध्यम से यह राशि ऑनलाइन विमुक्त कर दी है। विभागीय स्वीकृति पत्र के अनुसार, जारी आवंटन से जिले के विभिन्न प्रखंडों में कुल 11 महत्वपूर्ण सिंचाई योजनाओं को धरातल पर उतारा जाएगा।

  • लघु जल संसाधन विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत लखीसराय जिले के लिए 313.205 लाख (₹3.13 करोड़) रुपये का आवंटन किया जारी

  • जिले में कुल 11 प्रमुख सिंचाई परियोजनाओं पर होगा काम; नदियों पर चेकडैम निर्माण के लिए ₹2.15 करोड़ से अधिक की राशि तय

  • केंद्रीय मंत्री सह मुंगेर सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने 5 सितंबर को चानन दौरे में अधिकारियों को दिए थे निर्देश

  • कलयुगवा, भुरहा, बहार और सोमे नदी पर चेकडैम के साथ बसमतिया, भनपुरा व हलसी समेत 10 आहर-पईन का होगा कायाकल्प

इस परियोजना का सबसे मुख्य आधार चेकडैम निर्माण है, जिसके लिए कुल 215.379 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके तहत कलयुगवा नदी पर पिपरा चेकडैम, भुरहा नदी पर नौमा चेकडैम, बहार नदी पर दामोदरपुर चेकडैम, सोमे नदी पर मोरमा चेकडैम (रामदेव यादव के खेत के समीप), सोमे नदी पर ही दोगाय चेकडैम तथा बकियाबाद चेकडैम का निर्माण कराया जाएगा। चेकडैम बनने से बरसाती पानी का संचयन होगा और भूगर्भ जलस्तर में सुधार के साथ-साथ रबी व खरीफ फसलों के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध हो सकेगा।

10 आहर-पईन प्रणालियों का होगा व्यापक जीर्णोद्धार

नदियों पर चेकडैम के अलावा सदियों पुरानी पारंपरिक आहर-पईन सिंचाई प्रणाली को पुनर्जीवित करने के लिए भी अलग-अलग बजट जारी किया गया है। भनपुरा आहर-पईन के जीर्णोद्धार के लिए सर्वाधिक 24 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा गुरुकुड़ो नदी पईन के लिए 11.735 लाख, छोटकी पोखर से बलहपुर तक आहर-पईन के लिए 9.925 लाख, डाकरा नाला तेतरिया आहर-पईन के लिए 9.225 लाख और जजवाड़ा पईन के लिए 8.987 लाख रुपये दिए गए हैं।

साथ ही सेठना-सलौंजा आहर के लिए 8.333 लाख, बाजीतपुर पईन के लिए 7.229 लाख, बसमतिया आहर-पईन के लिए 6.047 लाख, बमुआरा आहर-पईन के लिए 5.974 लाख और हलसी आहर-पईन के लिए 6.371 लाख रुपये का आवंटन मिला है।

मंत्री के निर्देश पर 72 घंटे में विभागीय तत्परता

इस बड़ी प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति के पीछे केंद्रीय पंचायती राज, मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री सह मुंगेर सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह की सीधी पहल रही है। विगत पांच सितंबर को केंद्रीय मंत्री चानन प्रखंड के प्रवास पर पहुंचे थे। वहां स्थानीय किसानों ने उनसे मुलाकात कर जर्जर चेकडैम और गाद से पटे आहर-पईन के कारण सूख रही फसलों की गंभीर समस्या उठाई थी। किसानों की व्यथा सुनकर केंद्रीय मंत्री ने मौके से ही विभागीय उच्चाधिकारियों को तत्काल डीपीआर तैयार कर राशि आवंटित करने के कड़े निर्देश दिए थे।

केंद्रीय मंत्री के हस्तक्षेप के मात्र 72 घंटे के भीतर विभाग ने तेजी दिखाते हुए आठ सितंबर को प्रशासनिक स्वीकृति के साथ आवंटन आदेश निर्गत कर दिया। विभाग ने कार्यपालक अभियंता को योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, मापी पुस्तिका (एमबी बुक) की नियमित जांच और समयबद्ध भुगतान की पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है।

"चानन प्रखंड के दौरे के दौरान किसानों ने मुझसे मिलकर पीड़ा साझा की थी कि आहर-पईन और चेकडैम जर्जर होने से खेतों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। मैंने खुद मौके पर वस्तुस्थिति को समझा और वहीं से विभागीय अधिकारियों को विस्तृत प्रस्ताव बनाकर तत्काल राशि जारी करने का निर्देश दिया। मुझे संतोष है कि विभाग ने तत्परता दिखाते हुए 3.13 करोड़ रुपये का आवंटन जारी कर दिया है। मेरा लक्ष्य पूरी तरह स्पष्ट है कि संसदीय क्षेत्र में एक भी खेत सिंचाई के बिना सूखा नहीं रहेगा। जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान और उनकी निस्वार्थ सेवा ही मेरी राजनीति का मूल उद्देश्य है।"

-

राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, केंद्रीय मंत्री सह सांसद, मुंगेर