पति पर कार्रवाई का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म; डायल-112 का सिपाही सोनू गिरफ्तार, लखीसराय एसपी ने किया सस्पेंड
लखीसराय में डायल-112 के सिपाही सोनू कुमार को एक महिला से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया ...और पढ़ें

हलसी थाना क्षेत्र में किराए के कमरे पर बुलाकर सिपाही ने की ज्यादती, ग्रामीणों के हंगामे के बाद पुलिस ने दबोचा
HighLights
डायल-112 सिपाही सोनू कुमार दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार।
महिला को पति के खिलाफ कार्रवाई का झांसा दिया।
एसपी प्रेरणा कुमार ने सिपाही को तत्काल निलंबित किया।
संवाद सूत्र, हलसी (लखीसराय)। लखीसराय जिले के हलसी थाना क्षेत्र में खाकी को शर्मसार करने वाला एक गंभीर मामला प्रकाश में आया है। पारिवारिक विवाद में पति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कराने का भरोसा देकर एक महिला को अपने किराए के कमरे पर बुलाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने डायल-112 पर तैनात सिपाही सोनू कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) प्रेरणा कुमार ने त्वरित संज्ञान लिया और प्रारंभिक जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद आरोपित सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
पति पर कार्रवाई का झांसा देकर कमरे पर बुलाया
जानकारी के अनुसार, हलसी थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली पीड़िता का अपने पति के साथ बीते कई महीनों से घरेलू विवाद चल रहा था। इसी मामले में न्याय और मदद की गुहार लगाने के दौरान वह डायल-112 पर प्रतिनियुक्त सिपाही सोनू कुमार के संपर्क में आई थी।
महिला का आरोप है कि पति के विरुद्ध सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर सिपाही ने बुधवार की रात उसे हलसी थाना के समीप मोहद्दीनगर मोड़ के पास मिलने के लिए बुलाया। जब पीड़िता वहां पहुंची, तो सिपाही ने थानाध्यक्ष के उपस्थित न होने की बात कही और बहाने से उसे पास ही स्थित अपने निजी किराए के कमरे पर ले गया, जहां उसने महिला के साथ जबरन दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।
ग्रामीणों ने घेरा, मौके पर पहुंची पुलिस ने हिरासत में लिया
देर रात महिला के सिपाही के कमरे पर जाने की भनक लगते ही आसपास के काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। ग्रामीणों ने सिपाही को पकड़कर जमकर हंगामा किया। सूचना पाकर हलसी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और सिपाही तथा महिला दोनों को थाने लेकर आई।
थाने में पीड़िता ने लिखित आवेदन देकर सिपाही के खिलाफ अपनी मर्जी के खिलाफ जबरन शारीरिक संबंध बनाने और विरोध करने पर धमकाने का आरोप लगाया। पीड़िता का कहना है कि उसके शोर मचाने पर ही स्थानीय लोग मदद के लिए पहुंचे थे।
प्राथमिकी दर्ज, महिला की मेडिकल जांच और न्यायिक हिरासत
पीड़िता के लिखित आवेदन के आधार पर हलसी थाने में सिपाही सोनू कुमार के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं में दुष्कर्म की प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने तुरंत महिला की सदर अस्पताल में चिकित्सकीय जांच (Medical Examination) कराई और 164 के तहत बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की।
हलसी थानाध्यक्ष राजेश कुमार रंजन ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज करते ही आरोपित सिपाही को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
FSL जांच में पुष्टि के बाद सिपाही निलंबित, 2017 बैच का था कर्मी
एसपी प्रेरणा कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही विधि-विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की टीम से घटनास्थल की जांच कराई गई और साक्ष्य जुटाए गए। प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में संलिप्तता की पुष्टि होने के बाद सिपाही संख्या 34 सोनू कुमार को तत्काल निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
आरोपित सिपाही नालंदा जिले के बलहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोकिल गांव निवासी बिपिन मिस्त्री का पुत्र है। वह वर्ष 2017 में मुंगेर बहाली के तहत बिहार पुलिस में बहाल हुआ था और पिछले एक साल से हलसी थाने की डायल-112 इमरजेंसी सेवा पर तैनात था।
