विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखीसराय में निगरानी के हत्थे चढ़ा चानन का BPRO ब्रजेश कुमार, ₹28000 के साथ गिरफ्तार

Published: Tue, 15 Sep 2026 03:43 PM (IST)

चानन प्रखंड के बीपीआरओ ब्रजेश कुमार को निगरानी विभाग ने 28 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए उनके कार्यालय से गिरफ्तार ...और पढ़ें

HighLights

  1. बीपीआरओ ब्रजेश कुमार 28 हजार रुपये रिश्वत लेते पकड़े गए।

  2. निगरानी विभाग ने चानन प्रखंड कार्यालय से उन्हें गिरफ्तार किया।

  3. सोलर लाइट भुगतान में कमीशन मांगने की शिकायत पर कार्रवाई।

संवाद सूत्र, लखीसराय। चानन प्रखंड के प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी (बीपीआरओ) ब्रजेश कुमार को निगरानी विभाग की टीम ने मंगलवार को 28 हजार रुपये के साथ उनके कार्यालय से पकड़ा है।

वे चानन प्रखंड में बीपीआरओ के अतिरिक्त प्रभार में कार्यरत थे। उनका मूल पदस्थापन हलसी प्रखंड में है। निगरानी विभाग की इस कार्रवाई के बाद प्रखंड कार्यालय में हड़कंप मच गया।

बताया जा रहा है कि 15वीं वित्त आयोग की योजना से सोलर लाइट लगाने के भुगतान के एवज में कमीशन की मांग की जा रही थी। इसी शिकायत के आधार पर निगरानी विभाग ने कार्रवाई की।

टीम ने बीपीआरओ ब्रजेश कुमार को 28 हजार रुपये के साथ चानन प्रखंड कार्यालय से अपने साथ ले गई। हालांकि, निगरानी विभाग की ओर से कार्रवाई के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।

मुखिया से विवाद की भी चर्चा

बीपीआरओ ब्रजेश कुमार का महेशलेटा पंचायत के मुखिया से विवाद चलने की भी चर्चा है। बताया जाता है कि इस विवाद की शिकायत उप विकास आयुक्त (डीडीसी) तक भी पहुंची थी।

कार्रवाई के पीछे महेशलेटा पंचायत के मुखिया पति राम नारायण साव उर्फ पप्पू साव के आवेदन को भी कारण बताया जा रहा है।

हालांकि, निगरानी कार्रवाई के वास्तविक कारण और शिकायत में लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

निगरानी विभाग की कार्रवाई के बाद बीपीआरओ को टीम अपने साथ ले गई है। मामले में आगे की कार्रवाई और पूछताछ के बाद ही पूरे प्रकरण की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।