पति को जेल भेजने का झांसा, फिर रात में महिला को कमरे पर बुलाने का आरोप; बिहार में सिपाही का वीडियो वायरल
लखीसराय में डायल-112 के सिपाही पर घरेलू विवाद में फंसी महिला को पति के खिलाफ कार्रवाई का झांसा देकर रात में अपने कमरे पर बुलाने का आरोप लगा है।

पति को जेल भेजने का झांसा, फिर रात में महिला को कमरे पर बुलाने का आरोप (AI Generated Image)
HighLights
डायल-112 सिपाही पर महिला को कमरे पर बुलाने का आरोप।
ग्रामीणों ने आपत्तिजनक स्थिति में देखकर वीडियो वायरल किया।
एसपी ने सिपाही सोनू कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया।
संवाद सूत्र, हलसी (लखीसराय)। लखीसराय जिले के हलसी थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद में पति के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई का आश्वासन देकर डायल-112 के सिपाही द्वारा महिला को झांसे में लेने का मामला सामने आया है।
आरोप है कि इसी सहायता के बहाने सिपाही ने महिला को रात में अपने कमरे पर बुलाया, जहां ग्रामीणों ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति देखे जाने का दावा करते हुए हंगामा कर दिया।
इतना ही नहीं, घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी प्रसारित कर दिया। (जागरण प्रसारित वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।)
जानकारी के अनुसार, हलसी थाना क्षेत्र के एक गांव में दंपती के बीच पिछले कई महीनों से पारिवारिक विवाद चल रहा है। इसी विवाद के सिलसिले में महिला डायल-112 के सिपाही सोनू कुमार के संपर्क में आई थी।
आरोप है कि सिपाही ने कार्रवाई का भरोसा देकर बुधवार की रात महिला को हलसी थाने से कुछ दूरी पर मोहद्दीनगर मोड़ के समीप स्थित अपने किराए के मकान पर बुलाया। रात के समय महिला के वहां जाने की भनक ग्रामीणों को लग गई।
देखते ही देखते भारी संख्या में लोग सिपाही के कमरे पर पहुंच गए। ग्रामीणों का दावा है कि उन्होंने सिपाही और महिला को अंतरंग व आपत्तिजनक स्थिति में देखा।
हंगामे की सूचना मिलते ही हलसी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को थाने ले आई। हालांकि, थाने पहुंचने पर महिला ने सिपाही के साथ किसी भी प्रकार के अवैध संबंध की बात से इनकार कर दिया।
हलसी थानाध्यक्ष राजेश कुमार रंजन ने बताया कि महिला का कहना है कि उसके साथ कोई गलत कार्य नहीं हुआ है और उसने इस मामले में कोई भी लिखित शिकायत देने से मना कर दिया है।
लिखित शिकायत न मिलने के बावजूद पुलिस ने प्रसारित वीडियो और घटना को गंभीरता से लिया है। फिलहाल, आरोपित सिपाही सोनू कुमार को थाने में ही बैठाकर रखा गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पूरी घटना की जानकारी वरीय पुलिस पदाधिकारियों को दी गई।
एसपी प्रेरणा कुमार ने बताया कि मामले की प्रारंभिक जांच थानाध्यक्ष से कराई गई है, जिसमें ग्रामीणों के आरोप सत्य प्रतीत हुए हैं। इस आरोप में आरोपित सिपाही को निलंबित कर दिया गया है। आगे महिला से आवेदन लेकर केस दर्ज किया जाएगा।
