बाहुबली खिखर सिंह की कोरोना से मौत, पटना में थे भर्ती
लखीसराय । जिला परिषद सदस्या चंदा देवी के बाहुबली पति बड़हिया प्रखंड के चेतन टोला खुटहा निवा
लखीसराय । जिला परिषद सदस्या चंदा देवी के बाहुबली पति बड़हिया प्रखंड के चेतन टोला खुटहा निवासी अरुण कुमार सिंह उर्फ खिखर सिंह उर्फ खिखर सरदार का शनिवार को राजधानी पटना स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। वे कोरोना संक्रमित थे। उनके निधन की खबर मिलते ही समर्थकों में मायूसी छा गई। जानकारी के अनुसार खिखर सिंह कुछ दिनों से पटना में इलाजरत थे। पटना राजेंद्र नगर के एक निजी अस्पताल में नौ सितंबर से भर्ती थे। शनिवार को तबीयत काफी खराब हो जाने पर उन्हें एनएमसीएच ले जाया गया। सांस लेने में भी परेशानी हो रही थी। दोपहर बाद उनका वहीं निधन हो गया। बाहुबली खिखर सिंह सरदार के नाम से जाने जाते थे। एक समय जिले के दियारा क्षेत्र में उनका वर्चस्व था। खिखर सिंह का पूर्व में अपराध से गहरा रिश्ता रहा। पुलिस रिकार्ड के अनुसार हिस्ट्रीशीटर के रूप में खिखर सिंह आतंक का पर्याय माना जाता था। बाद में राज्य में जब सत्ता परिवर्तन हुआ तो खिखर सिंह ने अपराध से नाता तोड़कर राजनीति के क्षेत्र में कदम बढ़ाया। कई राजनीतिक दलों से जुड़े भी रहे। खिखर सिंह ने अपनी पत्नी चंदा देवी को जिला परिषद सदस्य बनाकर एक बार चेयरमैन की कुर्सी पर भी बैठाया। वर्तमान में भी खिखर सिंह की पत्नी चंदा देवी जिला परिषद सदस्य के पद पर काबिज हैं।