बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना प्राथमिकता : सिविल सर्जन
लखीसराय। सिविल सर्जन कार्यालय में सोमवार को जिले के 24 वें सिविल सर्जन के रूप में डॉ. अशोक कुमार ने
लखीसराय। सिविल सर्जन कार्यालय में सोमवार को जिले के 24 वें सिविल सर्जन के रूप में डॉ. अशोक कुमार ने योगदान किया। इसके पूर्व डॉ. अशोक कुमार शेखपुरा सदर अस्पताल में उपाधीक्षक के पद पर पदस्थापित थे। डॉ. अशोक कुमार ने स्थानांतरित सिविल सर्जन डॉ. राज किशोर प्रसाद से प्रभार ग्रहण किया। डॉ. राज किशोर प्रसाद का सथानांतरण मुंगेर के क्षेत्रीय अपर निदेशक के पद पर हुई है। इस अवसर पर नव पदस्थापित सिविल सर्जन डॉ. श्री कुमार ने कहा कि अधिकारियों एवं कर्मियों के साथ सामंजस्य स्थापित कर जिले वासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि वे सदर अस्पताल सहित जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रेफरल अस्पताल, पीएचसी एवं एपीएचसी का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्था से अवगत होने के बाद वहां पाई जाने वाली कमियों को दूर करेंगे। इसके बाद पदाधिकारियों, चिकित्सकों एवं कर्मियों से विचार विमर्श कर लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य करेंगे। योगदान करने के बाद उन्होंने पदाधिकारियों, सिविल सर्जन कार्यालय एवं जिला स्वास्थ्य समिति के कर्मियों से परिचय प्राप्त किया। स्थानांतरित सिविल सर्जन डॉ. राज किशोर प्रसाद ने कहा कि कार्यकाल के दौरान उन्हें लखीसराय स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, चिकित्सकों एवं कर्मियों का भरपूर सहयोग मिला। उन्होंने अधिकारियों, चिकित्सकों एवं कर्मियों से नए सिविल सर्जन को भी सहयोग करने की अपील की। इस अवसर पर जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. विरेंद्र कुमार मिश्रा, नशा मुक्ति केंद्र के नोडल पदाधिकारी डॉ. अशोक कुमार भारती, रामगढ़चौक पीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. कंचन आदि मौजूद थे। सदर अस्पताल के प्रबंधक नंद किशोर भारती, अनिल कुमार आदि मौजूद थे।