उत्सव के रूप में मनेगी गांधी की 150वीं जयंती
लखीसराय। राज्य सरकार ने इस बार आगामी दो अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंत
लखीसराय। राज्य सरकार ने इस बार आगामी दो अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती को उत्सव के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। लखीसराय जिले में भी गांधी जयंती धूमधाम से मनाई जाएगी। इसी दिन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता वाली जल-जीवन-हरियाली अभियान की शुरुआत जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर होगी। इसकी तैयारी की जा रही है। बापू के आदर्शों एवं उनके संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ साथ जल और जीवन की सुरक्षा की सामूहिक शपथ भी ली जाएगी।
सरकारी स्कूलों में गांधी कथा वाचन का होगा शुभारंभ
डीईओ सुनयना कुमारी ने एक आदेश जारी कर दो अक्टूबर को जिले के सभी प्राथमिक, मध्य, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में अवकाश रद कर दिया है। सभी शिक्षकों की उपस्थिति अनिवार्य करते हुए विद्यालयों में गांधी जयंती मनाने का निर्देश दिया है। इस दिन सरकारी विद्यालयों में गांधी कथा वाचन एवं जल-जीवन-हरियाली जागरूकता कार्यक्रम की शुरुआत होगी। इस दिन सभी विद्यालय प्रात:कालीन सुबह 7 बजे 11:30 बजे तक संचालित होंगे। विद्यालय के बच्चे शिक्षकों के साथ प्रभातफेरी निकालेंगे। । प्रभातफेरी में जल-जीवन-हरियाली से संबंधित नारे एवं महात्मा गांधी से जुड़े स्लोगन को उपयोग करेंगे। इसके बाद विद्यालय में गांधी जी की जयंती मनाई जाएगी। गांधी के भजन एवं सर्वधर्म प्रार्थना का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान गांधी कथा वाचन के लिए प्रशिक्षित शिक्षकों द्वारा बापू की पाती एवं एक था मोहन पुस्तक की प्रथम कहानी का वाचन किया जाएगा। इसके बाद विद्यालय में बच्चों के साथ सभी शिक्षक जल-जीवन-हरियाली कार्यक्रम को सफल बनाने का सामूहिक शपथ लेंगे। महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती पर विद्यालय में लेख, भाषण एवं अन्य प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जल-जीवन-हरियाली अभियान की होगी शुरुआत
गांधी जयंती के मौके पर जिले में जल-जीवन-हरियाली अभियान की शुरुआत की जाएगी। इस दिन जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर कार्यक्रम होंगे। जिलाधिकारी द्वारा अभियान के तहत चयनित जल स्त्रोतों के जीर्णोद्धार कार्य का भी शुभारंभ किया जाएगा। हर पंचायत में एक-एक जल स्त्रोत का कार्य प्रारंभ होगा। नगर परिषद लखीसराय एवं नगर पंचायत बड़हिया में भी एक-एक तालाब का जीर्णोद्धार कार्य शुरू होगा। अभियान को सफल बनाने एवं अधिक से अधिक जनभागीदारी बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा जिले में जागरूकता रथ के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है।