उदयाचलगामी सूर्यदेव को अर्घ्य के साथ महापर्व चैती छठ संपन्न
लखीसराय। शुक्रवार को उदयाचलगामी भगवान भाष्कर को अर्घ्य अर्पित करने के साथ लोक आस्था का महापर्व चार
लखीसराय। शुक्रवार को उदयाचलगामी भगवान भाष्कर को अर्घ्य अर्पित करने के साथ लोक आस्था का महापर्व चार दिवसीय चैती छठ समाप्त हो गया। घाटों पर छठ मैया के बजते गीतों से माहौल पूरी तरह छठमय बना रहा। मुख्यालय में किऊल नदी के विभिन्न घाटों, नया बाजार में अष्टघटी तालाब में व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। चैती छठ को लेकर प्रशासनिक स्तर पर एवं नगर परिषद द्वारा घाटों पर कोई व्यवस्था नहीं की गई थी। स्थानीय छठ पूजा समिति द्वारा सभी घाटों पर साफ-सफाई, बिजली आदि की व्यवस्था की गई थी। शुक्रवार की सुबह व्रती व श्रद्धालु घाटों पर भगवान भाष्कर के उगने का इंतजार करते रहे। सभी आसमान की ओर टकटकी लगाए हुए थे। जैसे ही सूर्यदेव का दर्शन हुआ सभी दूध व जल से अर्घ्य अर्पित करने लगे। किऊल नदी में पानी का अभाव रहने के कारण छठ पूजा समिति द्वारा बोरिग लगाकर व्रतियों के लिए पानी की व्यवस्था की गई। शहर के पुरानी बाजार में महावीर स्थान घाट पर महावीर मंदिर से घाट तक पाइप बिछाकर व्रतियों के लिए पानी की व्यवस्था की गई थी। व्रतियों के स्नान के लिए कई झरना लगाया गया था। इस घाट पर काफी भीड़ थी। वार्ड नंबर 10, 11, 12, 13, 14 के श्रद्धालु महावीर स्थान घर पर पहुंचे थे। वार्ड पार्षद रंजीत कुमार गुप्ता की देखरेख में घाट पर पूरी व्यवस्था की गई थी। सूर्यदेव घाट पर भी पूजा समिति द्वारा बनाए गए अस्थाई घाट एवं बोरिग से पानी की व्यवस्था करने के कारण व्रतियों को ज्यादा परेशानी नहीं हुई। उदयाचलगामी सूर्यदेव को अर्घ्य देने के लिए काफी भीड़ इस घाट पर पहुंची थी। पूजा समिति द्वारा मुख्य मार्ग से लेकर घाट तक फूल व रंगोली से सजाया गया था। व्रतियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो इसके लिए पूजा समिति के लोग सक्रिय रहे। उधर महावीर स्थान घाट पर भी काफी भीड़ रही। नया बाजार में अष्टघटी तालाब में वार्ड नंबर 18, 19, 20, 29, 30 से काफी संख्या में व्रती व श्रद्धालु पहुंचे थे। तालाब में काफी पानी रहने के कारण लोगों ने तालाब किनारे ही अर्घ्य दिया। इसके अलावा शहर के विभिन्न मोहल्लों में लोगों ने अपने घरों की छत पर अस्थाई घाट निर्माण कर अर्घ्य अर्पित किया। चैती छठ समाप्त होते ही लोग रामनवमी पर्व की तैयारी में जुट गए हैं। शनिवार को जिले के सभी महावीर मंदिरों एवं घरों में महावीरी पताका फहराया जाएगा।