स्वच्छता के प्रति हर व्यक्ति हो जागरूक : मंत्री
लखीसराय। राष्ट्रीय स्तर पर 15 सितंबर से 02 अक्टूबर तक चलाए जा रहे स्वच्छता ही सेवा अभियान के
लखीसराय। राष्ट्रीय स्तर पर 15 सितंबर से 02 अक्टूबर तक चलाए जा रहे स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत सूबे के श्रम संसाधन मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने शनिवार को झाड़ू लेकर स्थानीय नया बाजार स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लखीसराय परिसर एवं काली मंदिर परिसर से मुख्य सड़क तक सफाई की। श्रम संसाधन मंत्री श्री सिन्हा के झाड़ू थामते ही कई कार्यकर्ता भी झाड़ू लेकर सफाई करने में जुट गए। इस अवसर पर श्रम संसाधन मंत्री श्री सिन्हा ने कहा कि स्वच्छता के प्रति हर व्यक्ति को जागरूक होने की आवश्यकता है। तभी समाज साफ-सुथरा रह सकता है। उन्होंने लोगों से अपने-अपने घर के अलावे दुकानों, प्रतिष्ठानों एवं उसके आस-पास की जगहों को साफ-सुथरा रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि कुछ दुकानदार अपने दुकान की सफाई कर कचरा सड़क पर डाल देते हैं। इसमें सुधार करने की जरूरत है। लोगों को कूड़ा-कचरा निर्धारित स्थान पर ही रखना चाहिए। श्रम संसाधन मंत्री द्वारा रविवार को पुरानी बाजार में झाड़ू लगाकर सफाई की जाएगी। इस अवसर पर भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष महेंद्र प्रसाद यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष देवानंद साहू, नगर अध्यक्ष अमरजीत प्रजापति आदि मौजूद थे।