बिहार में CBI का बड़ा एक्शन, किऊल रेलवे सुपरवाइजर को ₹50 हजार रिश्वत लेते दबोचा
केंद्रीय जांच एजेंसी CBI ने किऊल रेलवे स्टेशन पर माल पर्यवेक्षक परमात्मा सुबंधु को ₹50,000 रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
CBI ने किऊल रेलवे सुपरवाइजर को रिश्वत लेते दबोचा।
परमात्मा सुबंधु को ₹50,000 रिश्वत के साथ गिरफ्तार किया।
लंबे समय से मिल रही भ्रष्टाचार की शिकायतों पर कार्रवाई।
संवाद सहयोगी, लखीसराय। पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल अंतर्गत किऊल रेलवे स्टेशन स्थित मालगोदाम में तैनात माल पर्यवेक्षक (सुपरवाइजर) परमात्मा सुबंधु को केंद्रीय जांच एजेंसी CBI की टीम ने 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के बाद टीम उन्हें पटना ले गई। पूछताछ के लिए उनके निजी सहयोगी स्थानीय निवासी मनीष कुमार को भी साथ ले जाया गया है। घटना के बाद रेलवे महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, 1 जुलाई की देर रात करीब 12:30 बजे केंद्रीय जांच एजेंसी की टीम ने किऊल रेलवे हेल्थ यूनिट के समीप यह कार्रवाई की।
आरोप है कि माल गोदाम के सीमेंट रैक प्वाइंट से जुड़े कार्य के एवज में एक ठेकेदार से 50 हजार रुपये रिश्वत लेते समय टीम ने उन्हें पकड़ लिया।
किऊल आरपीएफ इंस्पेक्टर प्रशांत कुमार ने बताया कि किऊल स्टेशन प्रबंधक की ओर से आरपीएफ को सूचना दी गई थी कि केंद्रीय जांच एजेंसी ने माल पर्यवेक्षक परमात्मा सुबंधु और उनके सहयोगी को हिरासत में लेकर अपने साथ पटना रवाना कर दिया है। मामले की जांच संबंधित एजेंसी द्वारा की जा रही है।
लंबे समय से मिल रही थी शिकायत
सूत्रों के अनुसार किऊल माल गोदाम के सीमेंट रैक प्वाइंट पर माल निकासी और अन्य कार्यों में अनियमितता एवं रिश्वतखोरी की शिकायतें लंबे समय से मिल रही थीं। शिकायतों के सत्यापन के बाद केंद्रीय जांच एजेंसी ने जाल बिछाकर कार्रवाई की।
बताया जाता है कि गिरफ्तार परमात्मा सुबंधु भारतीय रेलवे मेंस यूनियन की किऊल शाखा के सचिव भी हैं। उनकी गिरफ्तारी के बाद रेलवे कर्मचारियों के बीच दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा। जांच एजेंसी अब इस मामले में रिश्वतखोरी के नेटवर्क, अन्य संभावित संलिप्त लोगों तथा पूर्व में हुई लेन-देन की भी जांच कर रही है।
