अक्षयनवमी पर महिलाओं ने की आंवला पेड़ की पूजा
लखीसराय । सोमवार को अक्षय नवमी पर महिलाओं ने आंवला पेड़ की पूजा-अर्चना कर सुख-शांति की क
लखीसराय । सोमवार को अक्षय नवमी पर महिलाओं ने आंवला पेड़ की पूजा-अर्चना कर सुख-शांति की कामना की। सुबह से ही शहर से लेकर गांव तक चहल-पहल रही। इस मौके पर महिलाओं ने उपवास रखा। महिलाओं ने आंवला के पेड़ के नीचे भगवान विष्णु की आराधना की। लाल धागा बांधकर आंवला पेड़ की परिक्रमा की तथा दान-पुण्य भी किया। शहर के पुरानी बाजार चितरंजन रोड पीबी मध्य विद्यालय के आगे, लखीसराय प्रखंड कार्यालय स्थित शिव मंदिर परिसर, कार्यानंद नगर मोहल्ला, बड़ी पोखर, नया बाजार पचना रोड, कबैया रोड सहित कई स्थानों पर महिलाओं ने आंवला पेड़ की सामूहिक रूप से पूजा की। थाना चौक स्थित शिवमंदिर परिसर में आंवला पेड़ के पास मंदिर के पुजारी रमेश पांडेय, प्रखंड कार्यालय स्थित शिव मंदिर परिसर में पंडित रविरंजन पांडेय ने भगवान विष्णु की कथा सुनाई। पंडित रमेश पांडेय ने बताया कि इस मौके पर भगवान विष्णु की आराधना की जाती है। अक्षय नवमी पर दान-पुण्य का विशेष महत्व है। ऐसा माना जाता है कि अक्षय नवमी पर किया गया दान अक्षय है। कार्तिक शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को अक्षय नवमी के रूप में मनाया जाता है। आवंला के पेड़ की पूजा करने का विधान है। ऐसा माना जाता है कि इस दिन भगवान विष्णु आंवला में वास करते हैं। इसलिए इस पेड़ की पूजा करने पर पुण्य मिलता है। सुहागिन महिलाएं आंवला के पेड़ की जड़ में दूध चढ़ाती है। कच्चा धागा आंवला में बांधकर शांति की कामना करती है। शहर के नया बाजार अष्टघटी तालाब स्थित शिव मंदिर परिसर में अक्षयनवमी पर मेला लगा। बड़ी संख्या में महिलाओं ने पूजा की। इसके बाद अपना मनपसंद भोजन बनाकर ग्रहण किया।