विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

किशनगंज में दो जंगली हाथियों का खौफनाक तांडव! बुजुर्ग को पटककर मार डाला, युवक घायल; नेपाल खदेड़ने में जुटी टीम

Published: Wed, 21 Oct 2026 05:04 PM (IST)

Kishanganj Elephant Attack: किशनगंज के बहादुरगंज में भारत-नेपाल सीमा के पास दो जंगली हाथियों के हमले से एक बुजुर्ग की ...और पढ़ें

Kishanganj Elephant Attack: किशनगंज के बहादुरगंज में दो जंगली हाथियों का उत्पात

Kishanganj Elephant Attack: किशनगंज के बहादुरगंज में दो जंगली हाथियों का उत्पात

HighLights

  1. बहादुरगंज में दो जंगली हाथियों का हमला।

  2. एक बुजुर्ग की मौत, 15 वर्षीय किशोर घायल।

  3. हाथियों को नेपाल सीमा की ओर खदेड़ा जा रहा।

संवाद सहयोगी, बहादुरगंज (किशनगंज)। Kishanganj Elephant Attack: भारत-नेपाल सीमा से सटे किशनगंज जिले के बहादुरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत गांगी गांव में बुधवार की अहले सुबह दो जंगली हाथियों के अचानक घुस आने से भीषण अफरातफरी मच गई। रिहायशी इलाके में दाखिल हुए हाथियों ने खेतों में तांडव मचाते हुए दो लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।

इस दर्दनाक हमले में अलताबारी तालबाड़ी निवासी बुजुर्ग मोफीज आलम की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि 15 वर्षीय एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद से गांगी गांव और आसपास के सीमावर्ती इलाकों में दहशत और भय का माहौल बना हुआ है।

सुबह-सुबह रिहायशी इलाके में घुसे हाथी

ग्रामीणों के अनुसार, बुधवार सुबह जब लोग अपने दैनिक कार्यों और खेतों की ओर निकल रहे थे, तभी अचानक दो विशालकाय जंगली हाथी गांव के आबादी वाले हिस्से में प्रवेश कर गए। हाथियों ने खेतों में लहलहा रही धान और केले की फसलों को बुरी तरह रौंदना शुरू कर दिया।

धान व केले की फसल रौंदी

हाथियों की चिंघाड़ और भारी कदमों की आहट सुनते ही गांव में हड़कंप मच गया और अपनी जान बचाने के लिए ग्रामीण इधर-उधर भागने लगे। इसी अफरातफरी और भागदौड़ के दौरान बुजुर्ग मोफीज आलम और एक 15 वर्षीय किशोर हाथियों के एकदम करीब आ गए, जिससे दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

इलाज के दौरान बुजुर्ग ने तोड़ा दम

घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों की मदद से दोनों घायलों को आनन-फानन में बहादुरगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की अत्यंत नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर चिकित्सा के लिए उच्च केंद्र रेफर कर दिया।

किशोर की हालत नाजुक

अस्पताल ले जाने के दौरान मोफीज आलम ने दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल 15 वर्षीय किशोर का सघन इलाज जारी है और उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। मौत की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा, भीड़ को हटाया

घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक हलके में खलबली मच गई। एसडीएम अनिकेत कुमार, एसडीपीओ-1 खुसरु सिराज, ट्रैफिक डीएसपी राजेश कुमार, अंचल अधिकारी आशीष कुमार सिंह, बहादुरगंज थाना पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम तुरंत भारी बल के साथ मौके पर पहुंची।

अधिकारियों ने सबसे पहले घटनास्थल पर जुटी ग्रामीणों की भारी भीड़ को खदेड़कर इलाके को खाली कराया, ताकि लोग हाथियों को उकसाने या उनके करीब जाने का जोखिम न उठाएं। एसडीपीओ ने बताया कि मृतक के परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया है।

सीमावर्ती क्षेत्र में हाई अलर्ट, नेपाल की ओर खदेड़ने में जुटी टीम

वन अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि मंगलवार को भी दिघलबैंक प्रखंड के धनतोला इलाके में जंगली हाथियों ने भारी उत्पात मचाया था। लगातार हो रही इन घटनाओं को देखते हुए पूरे सीमावर्ती वन क्षेत्र को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

वन विभाग की विशेष ट्रैकर टीम हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है और उन्हें सायरन व मशालों की मदद से सुरक्षित तरीके से नेपाल सीमा के जंगलों की ओर खदेड़ने की कोशिश कर रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे हाथियों के करीब न जाएं, अफवाहों से बचें और वन विभाग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करें।