अरूणाचल अगेंस्ट करप्शन का जत्था पहुंचा बहादुरगंज
अरुणाचल अगेंस्ट करप्शन (एएसी) के बैनर तले संगठन के सदस्यों ने ईटानगर से दिल्ली पैदल मार्च निकाला है। वह सीएम पेमा खांडू के खिलाफ सीबीआइ की जांच की मांग कर रहे हैं। ये जत्था राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलेगा।
संवाद सूत्र, बहादुरगंज (किशनगंज) : अरुणाचल के मुख्यमंत्री पेमा खांडू के ऊपर भ्रष्टाचार में संलिप्त होने का आरोप लगाते हुए अरुणाचल अगेंस्ट करप्शन (एएसी) के बैनर तले संगठन के सदस्यों ने ईटानगर से दिल्ली पैदल मार्च निकाला है। अभियान के तहत 16 सदस्यों का समूह दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलकर अरुणाचल के मुख्यमंत्री के खिलाफ सीबीआइ से जांच करने की मांग करेगें। ईटानगर से पैदल चले एसीसी सदस्यों का जत्था गुरुवार को बहादुरगंज पहुंचने पर लोगों ने सदस्यों का भव्य स्वागत किया। इस मौके पर एसीसी के अध्यक्ष तार ताहर ने कहा कि अरुणाचल के मुख्यमंत्री सहित हर विभाग में भ्रष्टाचार व्याप्त है।
वहीं बिना किसी रिश्वत के कोई काम हो नहीं सकता। जिससे वहां की जनता भ्रष्ट सरकार से त्रस्त है। एसीसी संगठन ऐसे भ्रष्ट सरकार का विरोध करती है। सरकार के रवैये से नाखुश जनता के हित में ईटानगर में 28 दिनों तक धरना प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के काला चिट्ठा खोलते हुए भ्रष्ट सरकार की सीबीआइ से जांच कराने की मांग करते रहे। किंतु राज्य सरकार पर आंदोलन का सकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ा। इसे देखते हुए 21 अगस्त को ईटानगर से संगठन के 16 सदस्यों का समूह दिल्ली पीएमओ के लिए पैदल प्रस्थान की है।
यह संगठन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू व माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलकर अरुणाचल प्रदेश में व्याप्त भ्रष्टाचार से अवगत कराते हुए उनमें संलिप्त मुख्यमंत्री की सीबीआइ से जांच कराने की मांग रखेगी। कहा कि यह संगठन किसी भी राजनीतिक पार्टी से जुड़ा नहीं है। बल्कि एक समाज के हित में यह संगठन शुरू से ही कार्य करते आ रही है।