पौधरोपण : पुलिस लाइन से पौधरोपण कार्यक्रम का हुआ शानदार आगाज
फोटो - 18 केएसएन 61,62,63,64,65,66 - पौधरोपण कर एसपी के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारियों ने
फोटो - 18 केएसएन 61,62,63,64,65,66
- पौधरोपण कर एसपी के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारियों ने लिया वृक्ष बचाने का संकल्प
- खाकी वर्दी में हरियाली मिशन का सारथी बन जवानों ने थामी कुदाल
मयंक प्रकाश, जागरण संवाददाता, किशनगंज : पुलिस लाइन में बुधवार को एसपी कुमार आशीष के नेतृत्व में पुलिस पदाधकिारियों व जवानों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। खाकी वर्दी में कुदाल थामे जवान कदमताल करते हुए कम से कम एक-एक पौधे लगाने को आतुर थे। पर्यावरण के साथ-साथ वृक्ष बचाने का संकल्प ऐसा कि पौधे कम पड़ गए। बूट की धमक के बीच चिलचिलाती धूप में गड्ढ़ा खोदते जवानों के चेहरे पर संतोष का भाव इतना बताने को काफी था कि जिस तरह बरगद का पेड़ विशाल है ठीक उसी तरह बिहार पुलिस का हृदय भी विशाल है। बरमद के पेड़ वाला लोगो की सार्थकता को सिद्ध करते बिहार पुलिस के पदाधिकारियों व जवानों ने दैनिक जागरण के पौधे लगाएं, वृक्ष बचाएं अभियान का सारथी बन पुलिस लाइन परिसर में एक-एक कर कुल दो सौ पौधे लगाए।
आम दिनों में जिस तरह पुलिस की कड़क छवि मानी जाती रही है ठीक उसके उलट बुधवार को पुलिस पदाधिकारी व जवान एक पैर पर खड़े होकर इस अभियान को सफल बनाने में लगे थे। अधिकारी हों या सिपाही, हर कोई इस अभियान का हिस्सा बनने को बेताब थे। पुलिस लाइन में योगदान देने आए नए रंगरूट यानी महिला व पुरुष सिपाही भी पौधरोपण अभियान का हिस्सा बने। उमस भरी गर्मी व चिलचिलाती धूप में माथे से टपक रहे पसीना और हाथ में कुदाल व खुरपी थामे जवानों का हौसला देखते ही बनता था। एसपी कुमार आशीष खुद सारथी बन हरियाली मिशन का आगाज कर रहे थे। वहीं मेजर प्रशांत कुमार ने कहा कि बिना हरियाली नहीं रहेगी खुशहाली। सार्जेंट कुंदन कुमार पौधरोपण से होगा पर्यावरण का संतुलन का नारा दे रहे थे। इसके अलावा पुलिस लाइन में मौजूद पदाधिकारी पर्यावरण सरंक्षण का संदेश जवानों तक पहुंचा रहे थे। खाकी वर्दी व सिविल परिधान में पुलिस पदाधिकारी व जवान पुलिस लाइन मैदान में खाली पड़े जगहों पर महोगनी, गुलमोहर के छायादार पेड़ लगा रहे थे। एक हाथ में खुरपी व कुदाल, दूसरे हाथ में बाल्टी भर पानी लिए जवानों को देख ऐसा लग रहा था कि मिशन कुछ अलग है। एसपी कुमार आशीष के द्वारा एक पौधे लगाकर हरियाली मिशन का आगाज करते ही पुलिस पदाधिकारियों व जवानों ने पुलिस लाइन मैदान के चारों ओर दर्जनों पौधे लगाकर मिशन को सफल बनाया। एसपी ने पौधे लगाने के बाद मौजूद सभी पदाधिकारियों को पौधरोपण करने का निर्देश दिया। इसके बाद सभी पदाधिकारी व जवान खोदे गए गड्ढे में हाथों हाथ पौधे लगाने में जुट गए। पौधा लगाने के बाद उसमें पानी भी डाला गया। पौधरोपण कार्यक्रम के बाद मेजर ने कहा कि सिर्फ पौधे लगाने से नहीं होगा इसका देखभाल भी जरुरी है। इसके लिए इन्होंने वहां खड़े सतीश नामक जवान को लगाए गए पौधे के संरक्षण की जिम्मेवारी दी। इन्होंने इसकी देखभाल के लिए नए रंगरूटों से सहयोग लेने को कहा। ताकि जानवरों से पौधों की सुरक्षा हो सके। समय-समय पर इसमें पानी डालने को भी कहा गया। इस तरह हरियाली मिशन की शुरुआत ने जागरण अभियान में जान फूंक दी। वन विभाग द्वारा उपलब्ध कराए दो सौ पौधे लगाकर जवानों ने उनके संरक्षण का भी संकल्प लिया। इस दौरान पुलिस एसोशिएसन के पदाधिकारी, पुलिस जवान व रेंजर यूएन दूबे समेत वन विभाग के अन्य कर्मी भी मौजूद रहे।