रेव पार्टियों में इस्तेमाल होता यह ड्रग, चार करोड़ की कंसाइनमेंट के साथ तस्कर गिरफ्तार
किशनगंज सीमावर्ती पश्चिम बंगाल में पुलिस ने चार करोड़ की ब्राउन शुगर के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया। पुलिस उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है।
किशनगंज [जेएनएन]। बिहार के किशनगंज से सटे एनएच 31 पर बंगाल के कानकी में बंगाल पुलिस ने ड्रग्स तस्करी के बड़े रैकेट का उद्भेदन किया है। पुलिस ने चार करोड़ रुपये के 1.7 किलोग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बताया जाता है कि गिरफ्तार तस्कर ने कई सनसनीखेज खुलासे किए हैं। इससे सीमावर्ती किशनगंज सहित बिहार के भी कई सफेदपोशों के होड़ उड़ गए हैं। पुलिस भी हैरान है।
ब्राउन शुगर मॉरफीन से बनने वाला ड्रग है, जिसमें करीब 20 फीसद हेरोइन होती है। इसका इस्तेमाल अमूमन रेव पार्टियों में किया जाता है।
मिली जानकारी के अनुसार बीती शाम पश्चिम बंगाल की चाकुलिया पुलिस ने छापेमारी के दौरान मुर्शिदाबादके नतुनगोला (लालगोला) निवासी तस्कर डालीम शेख को गिरफ्तार किया। वह 1.7 किग्रा ब्राउन शुग्रर के साथ मुर्शिदाबाद से सिलीगुड़ी जा रहा था। उक्त ब्राउन शुगर की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग चार करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
सोमवार को गिरफ्तार तस्कर को न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने उसे चार दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया।
इस बाबत उत्तरी दिनाजपुर के एसपी अनूप जायसवाल ने बताया कि ब्राउन शुगर की तस्करी की जानकारी पुलिस को मिल चुकी थी। शातिर डालीम लगातार बस बदलकर सफर कर रहा था। पहले वह मुर्शिदाबाद से मालदा पहुंचा, इसके बाद बस बदलकर वह रायगंज पहुंचा। फिर रायगंज में दूसरी बस पर सवार होकर कानकी पहुंचा। कानकी बस स्टैंड पर उसे तब गिरफ्तार किया गया, जब वह दूसरी बस पकडऩे के चक्कर में था।
एसपी ने बताया कि तस्कर ने एक स्कूल बैग में ब्राउन शुगर छिपाकर रखा था।