दहेज प्रताड़ना को ले नवविवाहिता को घर से निकाला
किशनगंज दहेज की मांग पूरी नहीं करने पर पति और ससुराल वालों द्वारा महिला को प्रताड़ित
किशनगंज : दहेज की मांग पूरी नहीं करने पर पति और ससुराल वालों द्वारा महिला को प्रताड़ित कर घर से निकाल देने का मामला सामने आया है। हालांकि घटना के बाद महिला के परिजनों ने पंचायती कर समस्या के समाधान की चेष्टा की, लेकिन पति और ससुराल वाले दहेज की मांग पर अड़े रहे। नतीजतन शनिवार शाम को टाउन थाना क्षेत्र के रूईधासा निवासी पीड़िता के लिखित शिकायत पर आरोपित पति और ससुराल वालों के खिलाफ महिला थाना में कांड संख्या 51/19 दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार रूईधासा निवासी पीड़िता की शादी दो वर्ष पूर्व माटीगारा, सिलीगुड़ी निवासी नानटू साउ के साथ हुई थी। शादी के वक्त पीड़िता के मायके वालों ने उसके सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना करते हुए यथासंभव दहेज भी दिया था। लेकिन शादी के बाद से ही पति और ससुराल वाले पांच लाख रुपये दहेज की मांग कर उसे प्रताड़ित करने लगे। रोज-रोज की प्रताड़ना से तंग आकर पीड़िता कोलकाता में आइटी सेक्टर में कार्यरत पति के पास चली गई। लेकिन ससुराल वाले कोलकाता पहुंच कर उसे प्रताड़ित करने लगे। इस बीच पति ने कोलकाता की नौकरी को छोड़ दी और सिलीगुड़ी में रहने लगा। गत 30 जून को एकबार फिर ससुराल वालों ने उसे प्रताड़ित किया और हत्या करने की चेष्टा की। लेकिन स्थानीय लोगों की मदद से उसकी जान बच गई। घटना के बाद पीड़िता ने ससुराल छोड़कर अपने मायके में शरण ले ली।विगत दिनों पति अपने परिजनों के साथ पीड़िता के मायके पहुंचा और दहेज की मांग करने लगा।लेकिन पीड़िता द्वारा इंकार करने पर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी गई।घटना के बाद पीड़िता के परिजनों ने स्थानीय स्तर पर पंचायती कर मामले को सुलझाने की चेष्टा की।लेकिन पति और ससुराल वालों ने पंचायती में भाग लेना तक मुनासिब नहीं समझा। नतीजतन पीड़िता न्याय की गुहार लेकर महिला थाना पहुंच गई।