चार लाख विद्यार्थियों को किया जाएगा जागरूक
किशनगंज बिहार शिक्षा परियोजना के तहत शिक्षा अधिकार रथ यात्रा की शुरूआत की गई है। यह
किशनगंज : बिहार शिक्षा परियोजना के तहत शिक्षा अधिकार रथ यात्रा की शुरूआत की गई है। यह शिक्षा अधिकार यात्रा रथ के माध्यम से सभी प्रखंडों के सरकारी विद्यालयों में पहुंच कर विद्यार्थियों को जागरूक किया जाएगा। इस यात्रा के तहत चार लाख बच्चों को शिक्षा, स्वास्थ्य, बाल विवाह, दहेज प्रथा, शराब बंदी और आपदा प्रबंधन के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी जाएगी। ताकि विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर स्वयं के साथ समाज और राष्ट्र निर्माण में अहम जिम्मेदारी निभा सकें।
गुरुवार को डीपीओ कुंदन कुमार, लेखा पदाधिकारी अशोक कुमार साह, सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी जावेद आलम, संभाग प्रभारी उत्तम कुमार और मो. शब्बीर अहमद ने संयुक्त रूप से रूईधासा मैदान से शिक्षा अधिकार यात्रा रथ को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया।
मौके पर डीपीओ कुंदन कुमार ने कहा कि शिक्षा अधिकार यात्रा के तहत दो रथ रवाना किया गया। दोनों रथ के साथ कलाकारों का जत्था भी साथ-साथ रहेगा जो संगीत और नाटक के माध्यम से समाज में फैली बुराईयों को समाप्त करने के साथ विकास के पथ पर अग्रसर होने के प्रति जागरूक करेंगे। इसके अलावा कई तथ्यों पर विशेष रूप से जानकारी दी जाएगी। इसके अंतर्गत बताया जाएगा कि शिक्षा का ज्ञान अनमोल है। इसे ग्रहण करने के बाद ही विद्यार्थी अपना भविष्य संवार सकते हैं। सभी बच्चों को प्रतिदिन विद्यालय आकर वर्ग कक्ष में पढ़ाई करें। स्वस्थ रहने के लिए घर और समाज को स्वच्छ रखना जरूरी है। बाल विवाह कानूनी रूप से एक अपराध है, इससे सबको बचने की जरूरत है। दहेज प्रथा समाज के लिए अभिशाप है, इस अभिशाप को जड़ से समाप्त करना सबों की जिम्मेदारी है। शराबबंदी से समाज को नई दिशा मिली है। साथ ही आपदा प्रबंधन का ज्ञान सभी विद्यार्थियों के लिए जरूरी है। जिससे कि अग्निकांड, भूकंप और बाढ़ जैसी विपदा के समय पीड़ित व्यक्तियों को मदद पहुंचाया जा सके। रथ यात्रा सात मार्च से लेकर 29 मार्च तक चलेगा। प्रखंड समन्वयक, संकुल समन्वयक, पंचायत प्रधान और प्रधान शिक्षक रथ यात्रा में शामिल कलाकारों को सहयोग सहित अनुश्रवण भी करेंगे। इस दौरान मुख्य रूप से असरारूल हक अंसारी, प्रणव शंकर झा, सुशील मंडल, रोहित कुमार, पप्पू कुमार, और केशव कुमार सहित कई कर्मी मौजूद थे।