पंचायत उपचुनाव को ले बनाए गए 37 मतदान केंद्र, ईवीएम सील
किशनगंज पंचायत उप चुनाव को लेकर जिला प्रशासन के द्वारा सारी तैयारियां अंतिम चरण में है।
किशनगंज : पंचायत उप चुनाव को लेकर जिला प्रशासन के द्वारा सारी तैयारियां अंतिम चरण में है। जिले के चार प्रखंडों में आठ पदों पर होने वाले उपचुनाव को लेकर 37 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। ईवीएम से मतदान कराए जाएंगे, जिसके लिए गुरुवार को ईवीएम को सील कर दिया गया। यह जानकारी देते हुए प्रभारी जिला पंचायती राज पदाधिकारी अमिताभ कुमार गुप्ता ने बताया कि कोचाधामन, बहादुरगंज, टेढ़ागाछ व पोठिया के अलग-अलग आठ रिक्त पदों पर ईवीएम से 10 मार्च को पंचायत उप चुनाव होगा। ईवीएम से चुनाव कराने को लेकर तैयारी अंतिम चरण में है। चुनाव निष्पक्ष हो इसके लिए जिला प्रशासन अपनी तैयारी पूर्ण कर ली है।
उन्होंने बताया कि मतदान निष्पक्ष हो इसके लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदान केंद्रों पर उपद्रव फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के साथ सख्ती से कार्रवाई का निर्देश दिया है। बहादुरगंज व पोठिया प्रखंड में एक-एक सरपंच का चुनाव होगा। इसलिए उन क्षेत्र में एक-एक पर्यक्षक की नियुक्ति होगी। रिक्त पदों के लिए किए गए मतगणना 10 एवं 12 मार्च को किया जाएगा। 10 मार्च को कोचाधामन व टेढ़ागाछ प्रखंड में होने वाले पंच पद के लिए मतदान व मतगणना उसी दिन हो जाएगा। जबकि बहादुरगंज व पोठिया में होने वाले सरपंच पद के लिए मतदान 10 मार्च को एवं मतगणना 12 मार्च प्रखंड कार्यालय में निर्वाची पदाधिकारी के देख-रेख में किया जाएगा। मतदान केंद्र पर 18 गश्ति दंडाधिकारी, छह सेक्टर दंडाधिकारी, चार जोनल दंडाधिकारी व बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती रहेगी।
मतदान के बाद संबंधित प्रखंड मुख्यालय के वज्र कक्ष में मतपेटी को सुरक्षा के साथ रखा जाएगा। मतदान सुबह सात बजे से शुरू हो कर दोपहर चार बजे तक संपन्न होगा। वहीं महिला मतदाताओं की पहचान के लिए महिला मतदान कर्मी नियुक्त किया गया है। मतदान होने के बाद मतपेटी को अच्छी तरह से सील करने के बाद पीठासीन पदाधिकारी से मतपेटी ले लिया जाए। उसके बाद सील मतदानपेटी को गश्ती दल प्रखंड मुख्यालय के वज्र कक्ष रखेंगे। किसी भी तरह का अनहोनी होने पर जिला मुख्यालय में नियंत्रण कक्ष बनाया गया है।