बस्ती में झंडा लगा शुरू हुआ भाजपा का जनसंपर्क अभियान
किशनगंज : भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने नगर परिषद क्षेत्र के माधवनगर स्थित अल्पसंख्यक
किशनगंज : भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने नगर परिषद क्षेत्र के माधवनगर स्थित अल्पसंख्यक बस्ती से बुधवार को जनसंपर्क अभियान की शुरूआत की। यह अभियान 28 फरवरी तक चलेगा। घरों में भाजपा का झंडा लगाकर अभियान की शुरूआत करते हुए जिलाध्यक्ष राजेश्वर बैद ने कहा कि इस अभियान का मकसद लोकसभा चुनाव में पीएम नरेन्द्र मोदी के हाथों को मजबूत करते हुए देश की सेवा करने का पुन: अवसर प्रदान करना है। बुधवार को अल्पसंख्यक बस्ती में पूर्व भाजपा प्रत्याशी स्व. जाकिर अली रॉकी के घर पर बीजेपी का झंडा लगाया गया।
इस दौरान राजेश्वर बैद ने कहा कि जनसंपर्क अभियान के तहत जिले में 50 हजार परिवार से संपर्क कर उन्हें पार्टी की सदस्यता से जोड़ना है। इस क्रम में सबसे पहले भाजपा के पूर्व प्रत्याशी स्व. जाकिर अली रॉकी के घर जाकर उनके परिवार को सम्मानित किया गया। मेरा परिवार भाजपा परिवार का नारा भी लगाया गया। इसके उपरांत महादलित बस्ती में जन संपर्क अभियान चलाया गया।
वहीं अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष तलहा युसूफ ने कहा कि जनसंपर्क अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ता प्रत्येक बूथ पर एक मजबूत सिपाही के रूप में अपनी भूमिका निभाएंगे। केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से विश्व की सबसे बड़ी योजना आयुष्मान भारत के तहत 59 लाख गरीब परिवार को स्वास्थ्य बीमा योजना से जोड़ने का काम हुआ है। इसके तहत प्रत्येक परिवार को पांच लाख रूपये का स्वास्थ्य बीमा मिलेगा। जन धन योजना, उज्जवला योजना, चावल वितरण योजना और पीएम आवास योजना सहित कई अन्य योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाई जा रही है। विकास की कीर्तिमान स्थापित करते हुए चार वर्षों में बेदाग सरकार चलाने में सफल रहे हैं। इस दौरान मुख्य रूप से शमीम अशरफ, मनोज मजुमदार, नदीम अंसारी, डॉ. सचिन, अशोक गुप्ता, आरिफ अशरफी, नुरूल हक, मो. कैश रजा, कमर अली, अजय गुप्ता, गौतम पोद्दार, राजेश गुप्ता, ज्योति कुमार सेानू सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।