शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, जबरन कराया गर्भपात
किशनगंज : शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने और पीड़िता के गर्भवती हो जाने प
किशनगंज : शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने और पीड़िता के गर्भवती हो जाने पर जबरन उसका गर्भपात कराने का मामला सामने आया है। बुधवार को न्याय की आस लिए पीड़िता एसपी कार्यालय पहुंचीं। एसपी के निर्देश पर महिला थाना में आरोपित के विरूद्ध आइपीसी की धारा 376, 313, 323/34 के तहत कांड संख्या 07/19 दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार कोचाधामन थाना क्षेत्र निवासी पीड़िता तालिमी मरकज में काम करती है। 2016 से लायतोर गांव निवासी मो. इफ्तेखार पिता सोहराब उसपर बुरी नजर रख रहा था। उसी वर्ष एक दिन मौका पाकर इफ्तेखार पीड़िता के घर जा पहुंचा और चाकू की नोक पर दुष्कर्म का शिकार बना लिया। घटना के बाद उसने पीड़िता के समक्ष शादी का प्रस्ताव रखा। इससे पीड़िता भी उसके झांसे में आ गई और आरोपित लगातार दुष्कर्म की घटना को अंजाम देता रहा। जिस कारण छह माह पूर्व पीड़िता गर्भवती हो गई। जिसकी जानकारी पीड़िता द्वारा इफ्तेखार को दिए जाने के बाद वह पीड़िता को बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया। जहां उसने अपने परिजनों के साथ मिलकर जबरन गर्भपात करा दिया। घटना के बाद इफ्तेखार गत 17 अक्टूबर को पीड़िता को उसके घर पहुंचा दिया। इस बीच ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिल गई। ग्रामीणों की पहल के बाद गत 13 जनवरी को स्थानीय स्तर पर पंचायती की गई। लेकिन इफ्तेखार और उसके परिजनों ने पंचायती में भाग नहीं लिया। इस घटना ने पीड़िता के पिता को गहरा आघात पहुंचाया। नतीजतन दिल का दौरा पड़ने से उनकी मौत हो गई। पिता का साया सर से उठ जाने के बाद पीड़िता इंसाफ की मांग को लेकर एसपी के समक्ष जा पहुंची।