देवर पर भाभी को दिल्ली ले जाकर दुष्कर्म करने का आरोप, किशनगंज में मामला दर्ज
किशनगंज की एक 19 वर्षीय विवाहिता ने अपने देवर सहित पांच लोगों पर दिल्ली ले जाकर दुष्कर्म करने और देह ...और पढ़ें

देवर पर भाभी को दिल्ली ले जाकर दुष्कर्म करने का आरोप, किशनगंज में मामला दर्ज (प्रतीकात्मक तस्वीर)
HighLights
किशनगंज की विवाहिता ने देवर समेत पांच पर लगाया आरोप।
दिल्ली ले जाकर दुष्कर्म और देह व्यापार की कोशिश।
महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज, पुलिस जांच में जुटी।
संवाद सहयोगी, किशनगंज। दिघलबैंक थाना क्षेत्र की 19 वर्षीय विवाहिता ने अपने देवर समेत पांच लोगों पर बहला-फुसलाकर दिल्ली ले जाने, दुष्कर्म करने, मारपीट, धमकी देने और देह व्यापार में धकेलने की कोशिश का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने गुरुवार को महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज करवाई है।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, विगत आठ जुलाई को उसका देवर पति के पास दिल्ली पहुंचाने की बात कहकर उसे अपने साथ ले गया।
आरोप है कि दिल्ली पहुंचने के बाद एक कमरे में रखकर उसकी इच्छा के विरुद्ध दुष्कर्म किया गया और घटना की जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी दी गई। बाद में पीड़िता किसी तरह मायके पहुंची। घटना की जानकारी देने पर ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा महिला के साथ दुर्व्यवहार किया गया।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि दो अगस्त को एक अन्य आरोपी उसे जबरन कार में बैठाकर ले गया और रास्ते में दो अन्य युवकों को भी कार में बैठाया। इसके बाद उसे एक व्यक्ति के घर ले जाया गया, जहां तीनों आरोपियों ने करीब तीन दिनों तक उसके साथ दुष्कर्म किया।
बाद में धमकी देकर पीड़ित महिला को छोड़ दिया गया। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, पीड़िता ने परिजनों की मदद से आरोपी व्यक्ति को पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी ने दोनों अन्य आरोपियों को पकड़वाने में सहयोग करने का आश्वासन दिया।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, पीड़िता ने आरोपी व्यक्ति सहित तीन अन्य लोगों पर अभद्र व्यवहार और देह व्यापार के लिए दबाव बनाने का भी आरोप लगाया है। महिला थानाध्यक्ष सुनीता कुमारी ने बताया पीड़ित महिला के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ कर दिया गया है।
