विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 04, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Kishanganj news: मदरसा बंद कराने के लिए की गला रेतकर हत्या, दो छात्र गिरफ्तार

Published: Mon, 04 Aug 2025 10:45 PM (IST)

किशनगंज में मदरसा छात्र जहीरउद्दीन हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है। मदरसा के ही दो छात्रों को गिरफ्तार किया ...और पढ़ें

मदरसा बंद करने के लिए दो छात्रों ने मिलकर जहीरउद्दीन की कर दी हत्या
मदरसा बंद करने के लिए दो छात्रों ने मिलकर जहीरउद्दीन की कर दी हत्या

HighLights

  1. मदरसा छात्र जहीरउद्दीन हत्याकांड का खुलासा |
  2. मदरसा बंद कराने की साजिश में हत्या |
  3. दो नाबालिग छात्र गिरफ्तार |

संवाद सहयोगी, किशनगंज। मदरसा के छात्र जहीरउद्दीन हत्याकांड मामले का पुलिस ने 48 घंटे के अंदर खुलासा करते हुए हत्या में शामिल मदरसा के दो छात्रों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने मदरसा बंद करने की साजिश रचने के लिए इस घटना को अंजाम दिया गया।

एसपी सागर कुमार ने सोमवार को पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि दो अगस्त को सूचना मिली कि मोतिहारा मदरसा के पीछे स्थित कब्रिस्तान में संदिग्ध अवस्था में एक बच्चे का शव मिला है। सूचना के सत्यापन के बाद एसडीपीओ वन गौतम कुमार के नेतृत्व में टीम गठित किया गया।

बच्चे के पिता के बयान पर अज्ञात के विरूद्ध कांड दर्ज कर जांच शुरू की गई।  गठित टीम द्वारा लगातार आसूचना संकलन, तकनीकी साक्ष्य संकलन, बायोलाजिकल साक्ष्य संकलन एवं अनुसंधान के आधार पर यह प्रकाश में आया कि उक्त हत्याकांड में मोतिहारा तालुका मदरसा के दो विधि-विरूद्ध बालक शामिल थे। घटना में प्रयुक्त एक चाकू एवं दोनों विधि-विरूद्ध बालकों के घटना के समय पहने गए कपड़े को बरामद किया गया है।

मदरसा बंद करने की मंशा से दिया घटना को अंजाम

दोनों बालकों ने पूछताछ में पुलिस को बताया है कि उन्होंने योजना बनाई थी कि मदरसा के ही किसी छात्र की हत्या कर देंगे तो मदरसा बंद हो जायेगा और हम लोग अपने घर चले जायेंगे। दोनों आरोपी बालक पिछले कई दिनों से योजना बना रहे थे। योजना के क्रम में घटना को अंजाम दिया गया।

दोनों बच्चों ने बताया कि कुछ दिन पूर्व मदरसा के एक शिक्षक ने पढ़ाई नहीं करने पर एक बच्चे की पिटाई की थी। इसके बाद उसने अपने एक दोस्त के साथ शिक्षक को मारने का साजिश रची, लेकिन बाद में प्लान बदल गया और मदरसा के ही एक बच्चे को मारने की साजिश तैयार की। घटना के दिन भी वह किसी दूसरे बच्चे को मारना चाहते थे, लेकिन बाथरूम में जहीरूद्दीन फंस गया।

पहले भी बनाई थी हत्या की योजना

एसपी सागर कुमार ने बताया कि दोनों बालकों ने पहले भी एक बच्चे की हत्या करने का प्रयास किया था, लेकिन मदरसा के और छात्र वहां पहुंच गये थे, इसलिए योजना सफल नहीं हो पाई। दो अगस्त की रात्रि में करीब 12 बजे मदरसा का ही छात्र जहीरूद्दीन शौच करने के लिये बाथरूम की ओर गया था। तभी दोनों आरोपी बालकों ने मौके का फायदा उठाते हुए उस पर हमला किया एवं जहीरूद्दीन की गला रेतकर हत्या कर दी गई।

टीम में एसडीपीओ वन गौतम कुमार,सर्किल इंस्पेक्टर राजा, सदर थानाध्यक्ष अभिषेक रंजन, इंस्पेक्टर जन्मजेय शर्मा, अर्राबारी थानाध्यक्ष कुणाल कुमार, अवर निरीक्षक राहुल कुमार, प्रशिक्षु अवर निरीक्षक आनंद मोहन, तकनीकी सेल के प्रमोद कुमार, कन्हैया कुमार, रवि रंजन व सशस्त्र बल शामिल थे।