विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

किशनगंज : U-DISE+ पर छात्रों का डेटा अपलोड न करने पर 18 HM से स्पष्टीकरण तलब; 24 घंटे का अल्टीमेटम, होगी कार्रवाई

Published: Tue, 18 Aug 2026 11:59 PM (IST)

किशनगंज में 18 प्रधानाध्यापकों को यू-डाइस प्लस पोर्टल पर छात्रों का डेटा अपलोड न करने पर कारण बताओ नोटिस जारी ...और पढ़ें

सत्र 2026-27 के ड्रॉप बॉक्स में उपलब्ध छात्र-छात्राओं को पोर्टल पर इम्पोर्ट न करने को विभाग ने माना गंभीर लापरवाही

सत्र 2026-27 के ड्रॉप बॉक्स में उपलब्ध छात्र-छात्राओं को पोर्टल पर इम्पोर्ट न करने को विभाग ने माना गंभीर लापरवाही


संवाद सहयोगी, किशनगंज। शिक्षा विभाग के कार्यों में घोर लापरवाही बरतने और उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी करने के मामले में किशनगंज जिले के 18 विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों (HM) पर गाज गिरी है। यू-डाइस प्लस (U-DISE+) पोर्टल पर शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए 'ड्रॉप बॉक्स' में मौजूद छात्र-छात्राओं के डेटा को अब तक इम्पोर्ट (अपलोड) नहीं किया गया है। इसे विभागीय आदेशों की सीधी अवहेलना मानते हुए शिक्षा विभाग ने संबंधित 18 प्रधानाध्यापकों को 24 घंटे के भीतर कार्य पूर्ण करने और स्पष्टीकरण (Show Cause) दाखिल करने का कड़ा अल्टीमेटम दिया है।

जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (प्राथमिक शिक्षा एवं सर्व शिक्षा अभियान) रूबी कुमारी ने इस बाबत आधिकारिक आदेश जारी करते हुए सभी संबंधित प्रधानाध्यापकों से जवाब तलब किया है कि वरीय पदाधिकारियों के बार-बार दिए गए निर्देशों के बावजूद निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा क्यों नहीं किया गया।

इन 18 विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों से मांगा गया जवाब

शिक्षा विभाग द्वारा जारी सूची के अनुसार, ठाकुरगंज प्रखंड के सर्वाधिक 16 विद्यालय और किशनगंज प्रखंड के 2 विद्यालयों में यह तकनीकी कार्य लंबित पाया गया है:

  • ठाकुरगंज प्रखंड: यूसीएचएच माध्यमिक विद्यालय दूधहौती, यूसीएचएच माध्यमिक विद्यालय रसिया, यूसीएचएच माध्यमिक विद्यालय कादोगांव, यूसीएचएच माध्यमिक विद्यालय लोधा, ठाकुरगंज हाई स्कूल ठाकुरगंज, हाई स्कूल पौआखाली, यूसीएचएच माध्यमिक विद्यालय खारूदाह, यूसीएचएच माध्यमिक विद्यालय बरचौंदी, यूसीएचएच माध्यमिक विद्यालय बंदरझूला, यूसीएचएच माध्यमिक विद्यालय बेहबुलडांगी, यूसीएचएच माध्यमिक विद्यालय भोगडाबर, यूसीएचएच माध्यमिक विद्यालय जीरनगछ, प्रोजेक्ट गर्ल्स हाई स्कूल ठाकुरगंज, यूसीएचएच माध्यमिक विद्यालय भोलमारा और यूसीएचएच माध्यमिक विद्यालय सखुआडाली।

  • किशनगंज प्रखंड: एमएस लाइन उर्दू और यूएमएस अमलझाड़ी।

  • 24 घंटे में काम पूरा न करने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी

    डीपीओ रूबी कुमारी ने सख्त लहजे में कहा कि छात्रों के नामांकन, ट्रैकिंग और विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के लाभ के लिए यू-डाइस प्लस पोर्टल पर डेटा अपडेशन बेहद आवश्यक कार्य है। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

    उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी चिन्हित 18 विद्यालयों के प्रधानाध्यापक 24 घंटे के अंदर ड्रॉप बॉक्स में उपलब्ध छात्र-छात्राओं को पोर्टल पर अनिवार्य रूप से इम्पोर्ट करें और अपना लिखित स्पष्टीकरण कार्यालय में समर्पित करें। निर्धारित समय-सीमा के भीतर संतोषजनक जवाब और कार्य पूरा नहीं करने वाले लापरवाह प्रधानाध्यापकों के विरुद्ध कठोर विभागीय व अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।