हर साल 100 घंटे श्रमदान का संकल्प! किशनगंज में 'स्वच्छता ही सेवा' अभियान शुरू, डीएम ने दिलाई शपथ; निकली भव्य रैली
Kishanganj Swachhata Hi Seva Abhiyan 2026: किशनगंज में डीएम नवीन कुमार ने 'स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026' का शुभारंभ किया, ...और पढ़ें

Kishanganj Swachhata Hi Seva Abhiyan 2026: किशनगंज में स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026 का आगाज; डीएम नवीन कुमार ने किया पौधारोपण, 100 घंटे श्रमदान की ली गई शपथ
HighLights
डीएम नवीन कुमार ने 'स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026' का शुभारंभ किया।
अधिकारियों, कर्मियों ने प्रतिवर्ष 100 घंटे श्रमदान का सामूहिक संकल्प लिया।
जीविका दीदियों ने समाहरणालय से नगर परिषद तक जागरूकता रैली निकाली।
जागरण संवाददाता, किशनगंज। Kishanganj Swachhata Hi Seva Abhiyan 2026: स्वच्छ, सुंदर और रोगमुक्त समाज के निर्माण के संकल्प के साथ गुरुवार को किशनगंज समाहरणालय परिसर में 'स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026' का विधिवत शुभारंभ किया गया। जिला पदाधिकारी (डीएम) नवीन कुमार ने समाहरणालय परिसर में फलदार व छायादार पौधे रोपकर इस राष्ट्रव्यापी अभियान का आगाज किया। उनके साथ अपर समाहर्ता ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का परस्पर संदेश दिया।
अभियान के अंतर्गत समाहरणालय परिसर में एक विशेष शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। डीएम नवीन कुमार ने जिले के विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारियों, समाहरणालय कर्मियों और जीविका स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) से जुड़ी दीदियों को स्वच्छता के प्रति पूर्ण निष्ठा और सजगता से कार्य करने की शपथ दिलाई। इस दौरान उपस्थित जनसमूह से अपने घर, पास-पड़ोस, गांव, मोहल्ले और कार्यस्थल को पूरी तरह साफ-सुथरा रखने तथा समाज के अन्य नागरिकों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया।
100 घंटे श्रमदान का लिया संकल्प, गंदगी न फैलाने का वादा
समारोह में उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मियों और महिलाओं ने वर्ष में कम से कम 100 घंटे यानी प्रति सप्ताह औसतन दो घंटे निस्वार्थ भाव से श्रमदान करने का सामूहिक संकल्प लिया। उपस्थित लोगों ने शपथ ली कि वे न तो स्वयं सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाएंगे और न ही किसी अन्य व्यक्ति को ऐसा करने देंगे। स्वच्छता की शुरुआत सबसे पहले स्वयं से, अपने परिवार से, फिर अपने मोहल्ले और कार्यस्थल से करने का वचन दोहराया गया।
किशनगंज समाहरणालय परिसर में जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने पौधारोपण कर 'स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026' का किया विधिवत शुभारंभ
अधिकारियों, कर्मियों और स्वयं सहायता समूह (SHG) की महिलाओं ने प्रतिवर्ष 100 घंटे यानी प्रत्येक सप्ताह 2 घंटे श्रमदान का लिया संकल्प
डीएम ने आम नागरिकों से स्वच्छता को रस्मी अभियान न मानकर दैनिक जीवन की स्थायी आदत बनाने की अपील की
समाहरणालय परिसर से नगर परिषद कार्यालय तक स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने निकाली प्रभावी जन-जागरूकता रैली
जिला पदाधिकारी ने जिलेवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता को केवल कागजी या कुछ दिनों के अभियान तक सीमित न रखा जाए, बल्कि इसे हर नागरिक अपनी दिनचर्या और दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाए। उन्होंने बल देकर कहा कि जब तक समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय सहभागिता और जवाबदेही तय नहीं होगी, तब तक पूर्ण रूप से स्वच्छ जिले का लक्ष्य हासिल नहीं किया जा सकता।
समाहरणालय से नगर परिषद तक निकली भव्य जागरूकता रैली
शपथ ग्रहण कार्यक्रम के उपरांत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा समाहरणालय परिसर से एक विशाल स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली गई। हाथों में स्वच्छता संदेश की तख्तियां लिए महिलाएं शहर के प्रमुख मार्गों, बाजारों और सरकारी कार्यालयों से होते हुए नगर परिषद कार्यालय परिसर पहुंचीं, जहां रैली का विधिवत समापन हुआ। इस रैली के माध्यम से आम अवाम को कचरा प्रबंधन, प्लास्टिक के उपयोग से बचने और स्वच्छ व्यवहार को अपने स्वभाव में शामिल करने का संदेश दिया गया।
इस गरिमामयी आयोजन के दौरान अपर समाहर्ता, जिला योजना पदाधिकारी, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी, आईसीडीएस की जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीओ), डीआरडीए निदेशक सहित जिला प्रशासन के कई प्रमुख अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में जीविका दीदियां उपस्थित रहीं।
