1.30 करोड़ के ब्राउन शुगर और MDMA के साथ तस्कर धराया! किशनगंज में ANTF की बड़ी रेड, कट्टा और कैश भी बरामद
Kishanganj ANTF Drug Smuggler Bablu Giri Arrested: किशनगंज में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में ...और पढ़ें

Kishanganj ANTF Drug Smuggler Bablu Giri Arrested: किशनगंज में 1.30 करोड़ के ब्राउन शुगर और MDMA के साथ कुख्यात बबलू गिरी गिरफ्तार; कट्टा, तलवार व नकदी बरामद
HighLights
किशनगंज में एएनटीएफ और पुलिस ने तस्कर बबलू गिरी को पकड़ा।
एक करोड़ 30 लाख रुपये की ब्राउन शुगर और एमडीएमए बरामद।
हथियार, नकदी और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी जब्त की गई।
जागरण संवाददाता, किशनगंज। Kishanganj ANTF Drug Smuggler Bablu Giri Arrested: सीमावर्ती किशनगंज जिले में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने बहादुरगंज थाना क्षेत्र के लोहागाड़ा हाट में छापेमारी कर एक शातिर मादक पदार्थ तस्कर को धर दबोचा।
उसके घर से 405 ग्राम उच्च कोटि की ब्राउन शुगर (हेरोइन) और 183 ग्राम घातक सिंथेटिक ड्रग मेथिलीनडाई-ऑक्सी-मेथामफेटामीन (MDMA) बरामद किया गया है। अंतरराष्ट्रीय ब्लैक मार्केट में जब्त नशीले पदार्थों की कुल कीमत करीब एक करोड़ 30 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) संतोष कुमार ने गुरुवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 16 सितंबर को पुख्ता सूचना प्राप्त हुई थी कि लोहागाड़ा हाट निवासी बबलू गिरी अपने रिहायशी मकान में भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ रखकर अंतरराज्यीय व सीमावर्ती क्षेत्रों में तस्करी का सिंडिकेट चला रहा है। सूचना की सत्यता जांचने के उपरांत अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ-2) मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में एएनटीएफ और बहादुरगंज थाना पुलिस की एक विशेष टीम गठित कर त्वरित छापेमारी की गई।
घर से हथियार, नकदी, डेबिट कार्ड और तराजू बरामद
पुलिस टीम ने जब लोहागाड़ा हाट स्थित बबलू गिरी के ठिकाने की घेराबंदी कर तलाशी ली, तो वहां से भारी मात्रा में ड्रग्स के साथ-साथ हथियारों का जखीरा भी बरामद हुआ। तलाशी के दौरान मौके से 405 ग्राम ब्राउन शुगर, 183 ग्राम एमडीएमए, एक अवैध देसी कट्टा, 1.01 लाख रुपये नकद, छह स्मार्टफोन, विभिन्न बैंकों के छह डेबिट कार्ड, दो धारदार तलवारें और नशीले पदार्थों के वजन के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला एक सूक्ष्म इलेक्ट्रॉनिक तराजू जब्त किया गया। आवश्यक जब्ती सूची तैयार करने के बाद अभियुक्त बबलू गिरी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया।
अवैध संपत्ति होगी जब्त, बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंकेज की जांच शुरू
प्रारंभिक पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपित बबलू गिरी ने स्वीकार किया कि वह लंबे समय से मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री के अवैध कारोबार से जुड़ा हुआ था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के स्रोत (सप्लाई कहां से आई) और वितरण (माल कहां खपाया जाना था) यानी बैकवर्ड व फॉरवर्ड लिंकेज की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।
किशनगंज जिले के बहादुरगंज थाना अंतर्गत लोहागाड़ा हाट में एएनटीएफ और पुलिस की संयुक्त छापेमारी में शातिर तस्कर बबलू गिरी गिरफ्तार
अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 1 करोड़ 30 लाख रुपये आंकी गई 405 ग्राम ब्राउन शुगर (हेरोइन) और 183 ग्राम एमडीएमए की बड़ी खेप जब्त
एक देसी कट्टा, दो तलवारें, 1.01 लाख रुपये नकद, 6 मोबाइल फोन, 6 डेबिट कार्ड और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी बरामद
एसपी संतोष कुमार के निर्देश पर बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंकेज की पड़ताल तेज; ड्रग तस्करी से बनाई गई अवैध संपत्ति होगी जब्त
एसपी संतोष कुमार ने स्पष्ट किया कि नशे के इस काले कारोबार से अर्जित की गई बबलू गिरी की समस्त चल-अचल संपत्तियों का ब्योरा जुटाया जा रहा है और एनडीपीएस अधिनियम के सख्त प्रावधानों के तहत उसकी अवैध संपत्ति को विधिवत जब्त (अटैच) करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस संदर्भ में बहादुरगंज थाने में एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पूर्व से दर्ज हैं कई संगीन मामले, छापेमारी दल में ये रहे शामिल
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त बबलू गिरी (पिता-स्व. खगेश्वर गिरी, निवासी लोहागाड़ा हाट) का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध बहादुरगंज थाने में वर्ष 2018 और 2019 में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज हैं। इसके अतिरिक्त दिघलबैंक थाने में वर्ष 2024 में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के अंतर्गत भी मामला दर्ज है।
इस सफल ऑपरेशन में एसडीपीओ-2 मनोज कुमार सिंह, एएनटीएफ प्रभारी पुलिस निरीक्षक राजू कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक (पुअनि) कृष्ण कुमार, प्रिंस कुमार, मो. रोहन अहमद, बहादुरगंज थानाध्यक्ष शत्रुघ्न कुमार कुशवाहा, पुअनि राहुल कुमार, विशेष कार्य बल (एसटीएफ) के मनीष कुमार भारती सहित एएनटीएफ और बहादुरगंज थाने के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
