विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Railway News: कटिहार-बारसोई रेललाइन में ब्लॉक से कई ट्रेनें डायवर्ट, लोहित एक्सप्रेस समेत कई गाड़ियां लेट

Published: Tue, 09 Jun 2026 11:15 PM (IST)

कटिहार-बारसोई रेलखंड पर दोहरीकरण कार्य के कारण कई लंबी दूरी की ट्रेनें पूर्णिया-ठाकुरगंज मार्ग से डायवर्ट की गईं। इस वजह ...और पढ़ें

डबलिंग के काम से ट्रेनें डायवर्ट। फाइल फोटो

डबलिंग के काम से ट्रेनें डायवर्ट। फाइल फोटो

HighLights

  1. कटिहार-बारसोई रेलखंड पर दोहरीकरण कार्य के कारण ट्रेनें डायवर्ट।

  2. पूर्णिया-ठाकुरगंज-सिलीगुड़ी मार्ग पर बढ़ा रेल यातायात दबाव।

  3. लोहित एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें हुईं घंटों विलंबित।

संवाद सूत्र, ठाकुरगंज (किशनगंज)। कटिहार–बारसोई रेलखंड पर चल रहे दोहरीकरण कार्य के कारण इस मार्ग से लंबी दूरी की ट्रेनों के परिचालन होने लगा है।

रेलवे ने ट्रैफिक को सुचारू बनाए रखने के लिए कई महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों को मुख्य मार्ग के बजाय पूर्णिया–अररिया कोर्ट–ठाकुरगंज–सिलीगुड़ी रेलखंड से डायवर्ट कर संचालित किया।

इसके चलते सामान्य दिनों में अपेक्षाकृत शांत रहने वाला ठाकुरगंज रेलखंड अचानक व्यस्त हो उठा और यहां रेल गतिविधियां तेज हो गईं।

रेलवे द्वारा डायवर्ट की गई प्रमुख ट्रेनों में 15078 गोमतीनगर–कामाख्या एक्सप्रेस, 15651 लोहित एक्सप्रेस और 15672 अमृत भारत एक्सप्रेस शामिल रहीं।

लगातार कई एक्सप्रेस ट्रेनों के गुजरने से ठाकुरगंज–सिलीगुड़ी सिंगल लाइन रेलखंड पर दबाव बढ़ गया, जिसका असर ट्रेनों की समयपालन व्यवस्था पर भी पड़ा।

कई ट्रेनें हुई लेट

15078 गोमतीनगर–कामाख्या एक्सप्रेस कटिहार से अपने निर्धारित समय से करीब 20 मिनट देरी से रवाना हुई थी। लेकिन डायवर्ट मार्ग पर ट्रैफिक दबाव बढ़ने के कारण इसकी देरी लगातार बढ़ती गई। ठाकुरगंज स्टेशन से ट्रेन निर्धारित समय सुबह 4:21 बजे के बजाय 5:29 बजे रवाना हुई। यानी ट्रेन यहां एक घंटे से अधिक विलंब से पहुंची।

वहीं 15651 लोहित एक्सप्रेस न्यू जलपाईगुड़ी की ओर से ही लगभग 2 घंटे 15 मिनट देरी से चल रही थी। ठाकुरगंज पहुंचने तक इसकी देरी बढ़कर करीब 2 घंटे 35 मिनट हो गई। ट्रेन का निर्धारित आगमन समय रात 10:45 बजे था, लेकिन यह 1:20 बजे रात ठाकुरगंज पहुंची।

पूर्णिया जंक्शन तक पहुंचते-पहुंचते ट्रेन लगभग 2 घंटे 48 मिनट विलंबित हो चुकी थी। जबकि 15672 अमृत भारत एक्सप्रेस भी कटिहार से लगभग 20 मिनट देरी से रवाना हुई थी।

हालांकि डायवर्ट रूट पर इस ट्रेन की समयपालन स्थिति अन्य ट्रेनों की तुलना में बेहतर रही। पूर्णिया जंक्शन पर यह 37 मिनट और ठाकुरगंज स्टेशन पर करीब 34 मिनट की देरी से पहुंची।

अन्य ट्रेनें होंगी डायवर्ट

ठाकुरगंज रेलवे यात्री समिति के अध्यक्ष बछराज नखत ने बताया कि ठाकुरगंज–सिलीगुड़ी रेलखंड अभी सिंगल लाइन है। ऐसे में एक साथ कई एक्सप्रेस ट्रेनों के डायवर्ट होने से ट्रेनों की क्रासिंग और परिचालन में अतिरिक्त समय लग रहा है।

कई जगहों पर ट्रेनों को दूसरे रैक के गुजरने और रास्ता साफ होने का इंतजार भी करना पड़ा। रेलवे सूत्रों का कहना है कि कटिहार–बारसोई रेलखंड पर दोहरीकरण कार्य पूरा होने तक आवश्यकता पड़ने पर अन्य ट्रेनों को भी इसी डायवर्ट मार्ग से चलाया जा सकता है। यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति जांचने की सलाह दी गई है।