विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अचानक दो हिस्सों में बंटी गरीब नवाज एक्सप्रेस, ठाकुरगंज स्टेशन पर बड़ा हादसा टला

Published: Tue, 30 Jun 2026 06:00 AM (IST)

ठाकुरगंज रेलवे स्टेशन पर अजमेर-किशनगंज गरीब नवाज एक्सप्रेस स्टेशन से निकलते ही दो हिस्सों में बंट गई, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई।

दो हिस्सों में बटी ट्रेन। (जागरण)

दो हिस्सों में बटी ट्रेन। (जागरण)

HighLights

  1. गरीब नवाज एक्सप्रेस ठाकुरगंज स्टेशन पर दो हिस्सों में बंटी।

  2. इंजन और डिब्बों के बीच की कपलिंग अचानक खुल गई।

  3. दो घंटे की मरम्मत के बाद ट्रेन को रवाना किया गया।

संवाद सूत्र, ठाकुरगंज (किशनगंज)। बुधवार की अहले सुबह ठाकुरगंज रेलवे स्टेशन पर अजमेर से किशनगंज जा रही गरीब नवाज एक्सप्रेस स्टेशन से खुलने के कुछ ही क्षण बाद अचानक दो हिस्सों में बंट गई।

ट्रेन की कपलिंग खुल जाने से इंजन डिब्बों को छोड़ आगे बढ़ गया, जबकि पीछे पूरी रेक पटरी पर रुक गई। घटना से यात्रियों में दहशत फैल गई और कुछ देर के लिए बड़ा रेल हादसा होने की आशंका से माहौल तनावपूर्ण हो गया।

कटिहार-बारसोई रेलखंड पर चल रहे दोहरीकरण कार्य के कारण डायवर्ट रूट से संचालित 15716 अजमेर–किशनगंज गरीब नवाज एक्सप्रेस अहले सुबह ठाकुरगंज स्टेशन पहुंची थी।

कर्मचारियों में मचा हड़कंप

यहां इंजन रिवर्सल की प्रक्रिया पूरी करने के बाद ट्रेन को किशनगंज के लिए रवाना किया गया। लेकिन स्टेशन से निकलने के कुछ ही देर बाद इंजन और डिब्बों के बीच की कपलिंग अचानक खुल गई।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों और तकनीकी कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में ट्रेन को सुरक्षित रोका गया और मरम्मत कार्य शुरू किया गया।

करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद कपलिंग को दोबारा जोड़ा गया और सुरक्षा जांच पूरी की गई। इसके बाद सुबह करीब 5:30 बजे ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया।

रेलवे ने शुरू की जांच

अहले सुबह हुई इस घटना से यात्रियों में भय और नाराजगी दोनों देखने को मिली। यात्रियों का कहना था कि डायवर्ट रूट के कारण पहले ही यात्रा लंबी हो चुकी थी, ऊपर से तकनीकी गड़बड़ी ने परेशानी और बढ़ा दी।

हालांकि, राहत की बात यह रही कि घटना में किसी यात्री के घायल होने या किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। रेलवे ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कपलिंग खुलने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें- बिहार में रेलवे की शर्मनाक करतूत: एंबुलेंस की बजाय ठेले से भेजा ट्रेन से कटे व्यक्ति का शव, लोगों में आक्रोश