बहादुरगंज में काम पर लौटीं आशा फेसिलेटर
संवाद सूत्र, बहादुरगंज(किशनगंज) : मंगलवार को बहादुरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र से जुड़ी आ
संवाद सूत्र, बहादुरगंज(किशनगंज) : मंगलवार को बहादुरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र से जुड़ी आशा फेसिलेटर ने हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की। हड़ताल समाप्त करने की घोषणा के पश्चात प्रखंड व नगर क्षेत्र की दर्जनों आशा फेसिलेटर काम पर लौट गईं। हालांकि आशा कार्यकर्ता अभी भी हड़ताल पर डटीं है।
यह जानकारी मंगलवार को आशा फेसिलेटर संघ की अध्यक्षा ब्यूटी दास ने दी। उन्होंने बताया कि हड़ताल खत्म करने की लिखित सूचना सभी फेसिलेटर ने संयुक्त रूप से बहादुरगंज के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सोहेल अहमद खान को दे दी गई है। हड़ताल वापस लेने संबंधित लिखित आवेदन मे ब्यूटी दास, नीलम देवी, जूली देवी, सीमा देवी, मैना सिन्हा, आशा सिन्हा, महजबी नाज, सरिता देवी, शीला कुमारी, सलमा खातुन सहित अन्य शामिल हैं।
गौरतलब हो कि बीते 31 दिसंबर से बिहार राज्य आशा संघ के आह्वान पर आशा कार्यकर्ता हड़ताल पर थीं। जिस कारण नगर व ग्रामीण क्षेत्र मे स्वास्थ्य सेवाओं पर प्रतिकूल असर पड़ रहा था। इधर सूबे के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डेय ने आशा कार्यकर्ताओं को एक हजार रुपए मानदेय देने की घोषणा की है। इसी के मद्देनजर आशा फेसिलेटरों ने हड़ताल वापस लेने का निर्णय लिया है। जबकि प्रखंड क्षेत्र की आशा कार्यकर्ता अभी तक हडताल पर डटीं है । मंगलवार को भी आशा कार्यकर्ताओं ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के समक्ष धरने पर बैठी रहीं। हालांकि बताया यह भी जाता है कि एक दो दिन में ही आशा कार्यकर्ताओं का भी हड़ताल खत्म होने के आसार हैं।