क्वारंटाइन सेंटर पर बिरयानी व सेवईयों से मनी ईद
जेएनएन किशनगंज विभिन्न राज्यों से लौटे हजारों प्रवासियों के लिए क्वारंटाइन सेंटर पर मनाया
जेएनएन, किशनगंज :विभिन्न राज्यों से लौटे हजारों प्रवासियों के लिए क्वारंटाइन सेंटर पर मनाया ईद पर्व कई मायनों में यादगार रहा। एक तो घर के बिल्कुल करीब रहकर भी स्वजनों से दूर होने का मलाल तो दूसरा जिलाधिकारी व एसपी समेत वरीय पदाधिकारियों के साथ खुशियां बांटने का मौका। स्वजनों के करीब क्वारंटाइन सेंटर पर प्रवासियों ने नमाज अदा कर कोरोना वायरस के खात्मे व परिवार, समाज और देश में अमन चैन के साथ हरेक इंसान की सलामती की दुआएं भी मांगी।
लाख मुश्किलों व तकलीफों को झेलकर घर लौटे प्रवासियों ने हर्षोल्लास के साथ ईद मनाया। क्वारंटाइन सेंटर पर रह रहे इन प्रवासियों के लिए कहीं बिरयानी तो कहीं पुलाव चिकेन बनाया गया। इसी तरह किसी सेंटर पर सेवइयां, कचौरी तो कहीं सेवइयां व खीर भी परोसे गए। हालांकि सभी सेंटरों का हाल एक जैसा नहीं था। किसी-किसी सेंटर पर टेंट पंडाल भी लगाए तो कहीं बैलून व कालीन बिछाकर भव्य सजावट की गई थी। मगर कु़छेक जगहों पर चावल सोयाबीन भी परोसे गए।
इन सबके बीच कुछ खास जगहों पर जिलाधिकारी आदित्य प्रकाश व एसपी कुमार आशीष स्वयं पहुंचे। प्रवासियों का हालचाल जाना और ईद की शुभकामानाएं दी। इस दौरान बातचीत में प्रवासी श्रमिकों के स्किल की भी जानकारी लेते हुए रोजगार दिलाए जाने का आश्वासन दिया गया। अपने बीच अधिकारियों को पाकर प्रवासी भी प्रसन्न नजर आए। इस दौरान अधिकारी द्वय ने सबों ने शारीरिक दूरी का पालन करने व कोरोना वायरस से बचाव को लेकर खुद व आसपास के लोगों को जागरूक करने की अपील की।