खरीफ महोत्सव में किसानों को दी गई नवीनतम तकनीक की जानकारी
फोटो 27 केएसएन 42 - इस वर्ष धान, कीटनाशी सहित अन्य के लिए 3280 रुपए का दिया जाएगा अनुदान स
फोटो 27 केएसएन 42
- इस वर्ष धान, कीटनाशी सहित अन्य के लिए 3280 रुपए का दिया जाएगा अनुदान
संवाद सूत्र, ठाकुरगंज (किशनगंज) : खरीफ महाअभियान सह महोत्सव का उद्घाटन रविवार को ई किसान भवन में मुख्य अतिथि विधायक नौशाद आलम ने दीप प्रज्जवलित कर किया। महोत्सव में किसानों को खेती के नवीनतम तकनीक की जानकारी दी गई। इस मौके पर विधायक ने कहा कि सरकार की मंशा किसान को आर्थिक रुप से मजबूत कर आत्मनिर्भर बनाना है। तभी हम एक समृद्ध समाज, एक समृद्ध राज्य और फिर एक समृद्ध देश की परिकल्पना को साकार कर सकते हैं। सरकार किसानों के आय को बढ़ाने के लिए कई तरह की योजनाएं चला रही है। वैज्ञानिक पद्धति व कृषि यंत्र के जरिए खेती कर किसान बेहतर पैदावार कर सकते हैं। इसके लिए कृषि विभाग द्वारा अनुदान भी दिए जाते हैं। जरुरत है योजना के प्रचार प्रसार की ताकि किसानों को इसका लाभ मिल सके। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डा. हेमंत कुमार ने किसानों को खेती के नवीनतम तकनीक से अवगत कराते कहा कि श्रीविधि से धान की खेती कर किसान दुगुना उत्पादन पा सकते हैं। खेतों में रसायनिक खाद का कम से कम प्रयोग कर जैविक खाद का प्रयोग करने से मिट्टी की उर्वरा शक्ति बरकरार रहती है। वहीं फसल का पैदावार भी अच्छा होता है। इसके अलावा आधुनिक कृषि यंत्र जीरो टिलेज के जरिए धान की बुआई कर अच्छी फसल पाई जा सकती है। प्रखंड कृषि पदाधिकारी राम कुमार पासवान ने कहा कि सरकार का लक्ष्य फसलों के उत्पादन को दोगुना करने के साथ-साथ किसानों के आय को बढ़ाना है। इसके लिए रासायनिक खादों की जगह वर्मी कंपोस्ट का अधिक से अधिक इस्तेमाल करें। सहायक अनुसंधान पदाधिकारी नंद किशोर यादव ने कहा कि अभी खरीफ फसल की बुआई का मौसम आ गया है। जिसमें मक्का मूंग, उड़द, अरहर व धान की बुआई होगी। इसके लिए किसानों को मिट्टी जांच करा कर ही फसलों की बुआई करनी चाहिए। इन्होंने कहा कि सभी फसलों की बुआई के लिए सरकार द्वारा अलग-अलग पैकेज के माध्यम से किसान तक अनुदान पहुंचाने की योजना है। पिछले वर्ष भी योजनाओं के माध्यम से प्रखंड के लगभग पांच हजार किसानों को फायदा पहुंचाया गया था। इस वर्ष धान की फसल के लिए श्रीविधि के माध्यम से किसान को उन्नत बीज, कीटनाशी, वर्मी कंपोस्ट, लीफ कलर चार्ट व पौधा संरक्षण के लिए कुल मिलाकर 3280 रुपए का अनुदान दिया जाएगा। इसी तरह अन्य खरीफ फसलों के लिए भी अलग-अलग योजनाएं हैं। इस मौके सहकारिता प्रसार पदाधिकारी राज कपूर, प्रखंड उप प्रमुख गुलाम मोहिउद्दीन, सांख्यिकी धर्मवीर यादव, मंजर अनीस, कृषि समन्वयक जितेंद्र, संजय, पंचायत प्रतिनिधि एवं सैकड़ों किसानों ने भाग लिया।