समीक्षा यात्रा में रहमतपाड़ा आएंगे मुख्यमंत्री
किशनगंज। समीक्षा यात्रा में मुख्यमंत्री के किशनगंज की 21-22 दिसंबर को संभावित यात्रा को देखते प्रशास
किशनगंज। समीक्षा यात्रा में मुख्यमंत्री के किशनगंज की 21-22 दिसंबर को संभावित यात्रा को देखते प्रशासनिक अमला तैयारी में जुट गया है। इस यात्रा के क्रम में सीएम नीतीश कुमार कोचाधामन प्रखंड के रहमतपाड़ा जा सकते हैं। जहां पंचायत में हुए विकास कार्यों से रूबरू होंगे। प्रशासनिक सूत्रों की मानें तो उनकी इस यात्रा का उद्देश्य वर्ष 2009 में विकास यात्रा के क्रम में जिलों के जिस पंचायत में गए थे, उस पंचायत में उनके वायदों के अनुसार किए गए विकास कार्य को देखना है। हालांकि अभी उनकी यात्रा की तिथि कंफर्म नहीं हुई है। लेकिन प्रशासन रहमतपाड़ा पंचायत को फोकस कर तैयारी कर रही है। जिलाधिकारी पंकज दीक्षित ने बताया कि मुख्यमंत्री के किशनगंज आगमन की तिथि अभी कंफर्म नहीं हुई है। 20, 21 व 22 को उनकी समीक्षा यात्रा के क्रम में सीमांचल का दौरा निर्धारित है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विकास यात्रा के क्रम में वर्ष 2009 में जिस पंचायत में गए थे उस पंचायत में हुए विकास कार्यों को देखना उनका लक्ष्य है। किशनगंज जिला के कोचाधामन प्रखंड के रहमतपाड़ा में विकास यात्रा के क्रम में उनका पड़ाव था।
डाकूपाड़ा पंचायत का नाम बदल हुआ रहमतपाड़ा
डीएम पंकज दीक्षित ने बताया कि विकास यात्रा के क्रम में मुख्यमंत्री कोचाधामन प्रखंड के डाकूपाड़ा(पुराना नाम) पंचायत गए थे। इस पंचायत के नाम बदलने की उन्होंने घोषणा की थी। जिसके बाद पंचायत का नाम बदलकर डाकूपाड़ा से रहमतपाड़ा कर दिया गया। इसके अलावा पंचायत में स्थित मिडिल स्कूल को उत्क्रमित कर माध्यमिक स्कूल बनाने की भी उन्होंने घोषणा की थी। इसे उत्क्रमित कर माध्यमिक स्कूल बना दिया गया है। सड़क, स्वास्थ्य सहित अन्य बुनियादी सुविधाएं भी वहां मयस्सर करा दी गई है। इसके अलावा मुख्यमंत्री सात निश्चय के अंतर्गत हर घर जल, नल, नाला, सड़क, बिजली, शौचालय सहित अन्य योजनाओं का भी हाल जानेंगे।