संविधान से खिलवाड़ कर नहीं मिल सकती सत्ता ! SIR पर विपक्ष पर बरसे बिहार के मंत्री दिलीप जायसवाल, राहुल गांधी को भी घेरा
Bihar Minister Dilip Jaiswal on SIR: बिहार के राजस्व मंत्री दिलीप जायसवाल ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) ...और पढ़ें

Bihar Minister Dilip Jaiswal on SIR: विशेष गहन पुनरीक्षण पर दी राय।
HighLights
मंत्री दिलीप जायसवाल ने मतदाता सूची पुनरीक्षण का बचाव किया।
विपक्ष को मृत और फर्जी नाम हटाने पर आपत्ति क्यों?
राहुल गांधी के बयानों पर प्रमाण देने की चुनौती।
जागरण संवाददाता, किशनगंज। Bihar Minister Dilip Jaiswal on SIR: बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के विरोध को लेकर विपक्ष पर कड़ा प्रहार किया है। उन्होंने दो टूक कहा कि संविधान और लोकतंत्र की मर्यादाओं से खिलवाड़ कर किसी भी सूरत में सत्ता हासिल नहीं की जा सकती।
किशनगंज में जनप्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक के उपरांत पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री ने सवाल उठाया कि जिन मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी है, जिनके नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज हैं या जो वर्षों से अपने पंजीकृत पते पर मौजूद नहीं हैं, उनके नाम नियमानुसार हटाने पर विपक्ष को आपत्ति क्यों होनी चाहिए?
98.67 प्रतिशत नाम मृतकों और फर्जी पतों के हटे
मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने आंकड़ों का हवाला देते हुए दावा किया कि एसआइआर के तहत मतदाता सूची से हटाए गए नामों में 98.67 प्रतिशत नाम इन्हीं श्रेणियों (मृतक, अनुपस्थित और दोहरे पंजीकरण) से जुड़े हैं।
उन्होंने कहा कि एक पारदर्शी और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया के लिए मतदाता सूची का पूरी तरह दुरुस्त होना अनिवार्य है। ऐसे में मतदाता सूची के शुद्धिकरण को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा करना विपक्ष की राजनीतिक बेचैनी और हताशा को दर्शाता है।
लोकतंत्र और संविधान की मर्यादा में होनी चाहिए राजनीति
राजनीतिक शुचिता पर जोर देते हुए राजस्व मंत्री ने कहा कि वर्तमान दौर में राजनीति के भीतर एक-दूसरे के प्रति व्यक्तिगत द्वेष पालना, अमर्यादित टीका-टिप्पणी करना और संवैधानिक संस्थाओं को कठघरे में खड़ा कर सत्ता हथियाने की मंशा पालना लोकतंत्र के लिए घातक है।
समाज के हर व्यक्ति और राजनीतिक दल को अपने अधिकार और कर्तव्यों का निर्वहन केवल संवैधानिक दायरे में रहकर करना चाहिए। लोकतंत्र से परे जाकर कोई भी लक्ष्य हासिल नहीं किया जा सकता।
राहुल गांधी के बयान पर पलटवार
एसआइआर को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी सहित विपक्षी दलों के बयानों का उल्लेख करते हुए डॉ. जायसवाल ने कहा कि यदि किसी पात्र एवं वास्तविक मतदाता का नाम तकनीकी त्रुटिवश सूची से हट गया है, तो विपक्षी दल हवा-हवाई बयानबाजी करने के बजाय पुख्ता प्रमाण के साथ चुनाव आयोग के सामने आएं।
फॉर्म-6 की दिलाई याद
उन्होंने स्पष्ट किया कि भारतीय चुनाव आयोग ने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 का सुगम और पारदर्शी प्रावधान पहले से दे रखा है। इसका उपयोग करने के बजाय प्रक्रिया को सनसनीखेज बनाना गैर-जिम्मेदाराना है।
बिहार के विकास की कामना
शारदीय दुर्गापूजा के पावन अवसर पर मंत्री ने मां दुर्गा से बिहार के चहुंमुखी विकास, सुख-समृद्धि और शांति की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि राज्य में विकास और कानून का राज सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कोलकाता हादसे पर जताया शोक
उन्होंने हाल ही में कोलकाता में हुए दर्दनाक हादसे में 19 लोगों की असामयिक मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं प्रकट कीं।
